सारंगढ़:सुस्ती पर कलेक्टर का सख्त एक्शन, 8 तहसीलदारों को नोटिस…

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 10 जुलाई 2026। जिले में राजस्व कार्यों में लापरवाही और शासन की प्राथमिक योजनाओं के क्रियान्वयन में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी पद्मिनी भोई साहू ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर ने समय-सीमा की बैठक में सौंपे गए कार्यों, राजस्व प्रकरणों तथा एग्रीस्टेक पोर्टल पर धान खरीदी से जुड़े किसान पंजीयन कार्य में संतोषजनक प्रगति नहीं करने पर जिले के 8 तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सभी अधिकारियों को तीन दिवस के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समीक्षा में बटांकन, नक्शाविहीन ग्रामों का सत्यापन, वन ग्राम से घोषित राजस्व ग्रामों के नक्शों का निर्माण एवं अद्यतन, भू-अभिलेख सर्वेक्षण तथा किसान पंजीयन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर यह कार्रवाई की गई है।
जिन अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है उनमें उप तहसील कोसीर के तहसीलदार शनि कुमार पैकरा, सारंगढ़ के तहसीलदार खोमन लाल ध्रुव एवं नंदकिशोर सिन्हा, सरसीवा के मोहन साहू, भटगांव की नीलिमा अग्रवाल, बरमकेला के पुष्पेंद्र राज, बिलाईगढ़ के कमलेश सिदार तथा सरिया की कोमल साहू शामिल हैं।
प्रशासन की इस कार्रवाई को राजस्व कार्यों में जवाबदेही और समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे स्पष्ट संकेत मिला है कि शासन की योजनाओं में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगा।