छत्तीसगढ़

शादी में तरबूज खाने से किशोर की मौत? परिवार का आरोप, 4 और बच्चे हुए थे बीमार…

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक हैरान करने वाली खबर आई है। यहां एक शादी में कथित तौर पर तरबूज खाने के बाद एक किशोर की मौत हो गई। इस घटना में चार और बच्चे भी बीमार पड़ गए थे, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

हालांकि, अब उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

यह घटना गुरकोड़ गांव की है। ये सभी बच्चे अपने मामा के घर एक शादी में शामिल होने आए थे। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12 बजे सबने खाना खाया, जिसमें तरबूज भी परोसा गया था। इसके करीब दो घंटे बाद ही बच्चों को उल्टियां होने लगीं। उन्हें दस्त और सांस लेने में भी तकलीफ होने लगी, जिसके बाद परिवार वाले घबरा गए और बच्चों को फौरन अस्पताल ले गए।

अस्पताल में इलाज के दौरान अखिलेश धीवर नाम के किशोर ने दम तोड़ दिया। परिवार वालों को शक है कि फूड पॉइजनिंग की वजह से अखिलेश की जान गई और इसका कारण तरबूज हो सकता है।

मामले की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम शादी वाले घर पहुंची। टीम ने खाने और तरबूज के सैंपल इकट्ठे कर लिए हैं। डॉक्टरों का कहना है कि मृतक बच्चे का पोस्टमॉर्टम किया गया है और जांच के लिए सैंपल लिए गए हैं। शुरुआती तौर पर यह फूड पॉइजनिंग का मामला लग रहा है, लेकिन इसकी असली वजह तरबूज ही है या कुछ और, यह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा। फिलहाल, बाकी चारों बच्चों की हालत में सुधार है।

Back to top button