छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के सरकारी राशन में बड़ी लापरवाही, हितग्राहियों को बांटा गया कीड़े लगे अनाज, फिर सेल्समेन ने कह दी ये बड़ी बात…

गरियाबंद जिले के रावण भाटा स्थित सरकारी राशन दुकान से गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां हितग्राहियों को वितरण के लिए दिए गए चने में भारी मात्रा में कीड़े पाए गए।

एक-एक किलो के पैकेट में चने पूरी तरह खराब निकले जिनमें कीड़े फैले हुए थे और कई दानों में छेद होकर घुन बन चुके थे।

वार्डवासियों और पूर्व पार्षद योगेश बघेल ने जब यह मामला मीडिया के समक्ष उठाया, तो दुकान के सेल्समैन ने भी स्वीकार किया कि यह चना खाने योग्य नहीं है। लोगों का आरोप है कि चने की गुणवत्ता इतनी खराब है कि न केवल यह इंसानों के लिए अनुपयोगी है बल्कि जानवर भी इसे खाने से इंकार कर दें। यदि कोई व्यक्ति गलती से ऐसा चना खा ले तो उसे गंभीर बीमारियों का सामना करना पड़ सकता है।इस मामले में खाद्य अधिकारी अरविंद दुबे का कहना है कि चना वितरण अन्य विभागों के माध्यम से किया जाता है और शिकायत प्राप्त होने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि सवाल यह उठता है कि जब अधिकारी हर माह राशन दुकानों की नियमित गुणवत्ता जांच के लिए जिम्मेदार हैं, तो इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई। यह घटना सरकारी राशन वितरण व्यवस्था की खामियों को उजागर करती है। अब देखने वाली बात यह होगी कि जिला प्रशासन इस मामले में कब और कौन-से ठोस कदम उठाता है।

Back to top button