छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़:बकरी चोरी करने घर में घुसे चोर, अचानक मालिक की खुल गई नींद, जानिए फिर क्‍या हुआ?

सरगुजा. जिले के ग्राम गेरसा में बकरी चुराने घर घुसे आरोपियों ने युवक रैदु नागवंशी की टांगी से हत्या कर दी. घटना से इलाके में दहशत फैल गई. आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद चार बकरियां चुराई और मौके से फरार हो गए.

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है.

जानकारी के अनुसार, ग्राम गेरसा निवासी मृतक रैदु नागवंशी खाना खाकर घर में सो रहा था. घर में उसकी मां तिलाशो बाई भी मौजूद थी. देर रात कुछ अज्ञात बदमाश बकरी चोरी करने के इरादे से घुसे. इस दौरान रैदु की नींद खुलने के बाद उसने विरोध किया तो आरोपियों ने रैदु नागवंशी और उसकी मां पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. मौके पर ही रैदु की मौत हो गई, जबकि उसकी मां को चोटें आई हैं. मौके से सभी आरोपी चार बकरी चुराकर फरार हो गए.

आज सुबह रैदु का शव मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया. खेती के साथ रैदु बकरी पालन भी करता था, उसने घर पर 40 से 50 बकरियां रखी थी. घटना की सूचना पर चौकी प्रभारी राजेश्वर महंत अपने टीम के साथ घटना स्थल पहुंचे. शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया गया है. वहीं मृतक की मां को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

Back to top button