अब हर सोमवार जनता की समस्याएं सुनेंगे अधिकारी, कलेक्टर का सख्त आदेश…

सारंगढ़-बिलाईगढ़। आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) को प्रत्येक सोमवार अपने-अपने कार्यालयों में जनदर्शन आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं। इस दौरान आम नागरिकों की समस्याएं सुनने के साथ संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया सुनिश्चित करनी होगी।
कलेक्टर कार्यालय से 29 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, जनदर्शन में संबंधित विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि जनदर्शन केवल औपचारिकता बनकर न रह जाए, बल्कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए प्रभावी मंच मिले।
आदेश में कहा गया है कि जनदर्शन के दौरान संबंधित अनुविभाग के समस्त तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं विकासखंड स्तरीय विभागीय अधिकारी निर्धारित दिवस एवं समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करनी होगी।
कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया है कि अपरिहार्य परिस्थितियों को छोड़कर कोई भी संबंधित अधिकारी जनदर्शन में अपनी अनुपस्थिति स्वीकार्य नहीं कर सकेगा। इससे अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी और आम जनता को अपनी शिकायतों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है।
इसके साथ ही जनदर्शन के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के अधिक से अधिक नागरिकों को इस व्यवस्था की जानकारी मिल सके और वे अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रख सकें।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा जनदर्शन का प्रभावी संचालन करते हुए प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण करने पर जोर दिया है। आदेश की प्रतिलिपि संभागायुक्त बिलासपुर एवं जिला स्तरीय अधिकारियों को भी आवश्यक सूचना और पालन सुनिश्चित कराने के लिए भेजी गई है।
अब प्रत्येक सोमवार होने वाला जनदर्शन आम नागरिकों के लिए अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। हालांकि इस व्यवस्था की वास्तविक सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि अधिकारियों की उपस्थिति के साथ शिकायतों का समय पर समाधान भी हो।