सारंगढ़

परिवहन आरक्षक भर्ती में बड़ा अपडेट, 66 अभ्यर्थियों को अंतिम मौका…

सारंगढ़, 1 अक्टूबर 2026। परिवहन विभाग में परिवहन आरक्षक के 50 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। लिखित परीक्षा में प्राप्तांकों एवं अर्ह अभ्यर्थियों की उपलब्धता के आधार पर कुल 250 अभ्यर्थियों को शारीरिक मापदण्ड एवं दस्तावेज सत्यापन के लिए Institute of Driving & Traffic Research (IDTR), तेन्दुआ, नवा रायपुर में 2 एवं 3 सितंबर 2026 को बुलाया गया था। निर्धारित तिथियों में 250 में से 184 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 66 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
उपस्थित अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत नेत्र संबंधी प्रमाण पत्रों में एकरूपता नहीं होने तथा प्रमाण पत्रों में वर्णान्धता के संबंध में स्पष्ट उल्लेख नहीं होने के कारण विभाग ने अभ्यर्थियों की पुनः नेत्र जांच कराने का निर्णय लिया है। यह नेत्र जांच 25 सितंबर से 5 अक्टूबर 2026 तक शासकीय सिविल अस्पताल, माना कैम्प, रायपुर में कराई जा रही है। संबंधित अभ्यर्थियों को नेत्र जांच के लिए बुलावा पत्र भेज दिए गए हैं तथा बुलावा पत्र परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपलोड किया गया है।
इसी तरह निर्धारित तिथियों में अनुपस्थित रहे 66 अभ्यर्थियों को शारीरिक मापदण्ड एवं दस्तावेज सत्यापन के लिए अंतिम अवसर प्रदान किया गया है। इन अभ्यर्थियों को 5 अक्टूबर 2026 को उपस्थित होने के लिए बुलावा पत्र जारी किया गया है। संबंधित अभ्यर्थी अपना बुलावा पत्र एवं आवश्यक निर्देश परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट cgtransport.gov.in पर जाकर देख सकते हैं।
विभाग ने सभी संबंधित अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि एवं स्थान पर समय पर उपस्थित होकर आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करने का आग्रह किया है।

Back to top button