सारंगढ़

महानदी के उफान से डूमरपाली-तिलहाडीहा जलमग्न, 400 एकड़ फसल तबाह…

सारंगढ़। महानदी में लगातार भारी बारिश और बांधों से छोड़े गए पानी के कारण नदी उफान पर है। इसके चलते ग्राम पंचायत जशपुर कछार के वार्ड क्रमांक-1 डूमरपाली एवं तिलहाडीहा में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। दोनों बस्तियां पूरी तरह पानी में डूबने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और आवागमन भी प्रभावित है।
बाढ़ की भयावह स्थिति का जायजा लेने के लिए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग उलखर-कोसीर के अध्यक्ष, सरपंच श्रीमती विधाता पटेल, पंच अशोक आदित्य, त्रलेश्वर, मनोज यादव, नरेश यादव, पदूम माली, श्रीराम आदित्य, पूर्व सरपंच गणेशराम सहित ग्रामीण स्टीमर के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे। दल ने बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानीं और मौके पर हालात का जायजा लिया।
ग्रामीणों के अनुसार, डूमरपाली और तिलहाडीहा पूरी तरह पानी में डूब चुके हैं। बाढ़ के पानी से करीब 300 से 400 एकड़ में खड़ी फसलें नष्ट होने की आशंका है। वहीं खेतों और निचले इलाकों में पानी भरने से दर्जनों ट्रैक्टरों तथा कृषि उपकरणों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। अचानक आई बाढ़ ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।

अधिकारियों को दी गई सूचना

प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे दल ने मौके से ही कोसीर थाना प्रभारी, तहसीलदार, एसडीएम एवं जांजगीर-चांपा एसपी से दूरभाष पर संपर्क कर बाढ़ में फंसे लोगों की स्थिति और हुए नुकसान की जानकारी दी। अधिकारियों ने मामले का त्वरित संज्ञान लेते हुए फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने तथा आवश्यक हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
बाढ़ के लगातार बढ़ते प्रभाव को देखते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल राहत, सुरक्षित निकासी और फसल एवं कृषि उपकरणों के नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजा देने की मांग की है। स्थिति पर ग्रामीणों और प्रशासन की नजर बनी हुई है।

Back to top button