सारंगढ़

शिक्षा सेवा की मिसाल: भागवत साहू ने बच्चों को बांटी निशुल्क कॉपी-पेन…

सारंगढ़। ग्राम पंचायत गुड़ेली निवासी भागवत साहू द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सेवा कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को लालाधुरवा और सोनाडूला स्कूल पहुंचकर उन्होंने विद्यार्थियों को निशुल्क कॉपी-पेन वितरित किए। शैक्षणिक सामग्री पाकर विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखने को मिला।
भागवत साहू इससे पहले भी गुड़ेली, सरसरा, सेंदूरस, बंजारी और कपिस्दा सहित विभिन्न गांवों के स्कूलों में विद्यार्थियों को कॉपी-पेन एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित कर चुके हैं। उनका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को पढ़ाई के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ाना है।
इस दौरान भागवत साहू ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, स्कूल की गतिविधियों और शिक्षा से जुड़ी आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, कक्षा में ध्यानपूर्वक पढ़ने और प्रतिदिन पढ़ाई के लिए पर्याप्त समय निकालने के लिए प्रेरित किया। साथ ही माता-पिता एवं शिक्षकों का सम्मान करने, अनुशासन का पालन करने और अच्छे संस्कारों के साथ जीवन में आगे बढ़ने की सीख दी।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की नींव तैयार करने का महत्वपूर्ण समय है। इस दौरान की गई मेहनत आगे चलकर जीवन में सफलता का आधार बनती है। विद्यार्थियों को अपना लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन और मेहनत से आगे बढ़ना चाहिए। परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, पढ़ाई को कभी नहीं छोड़ना चाहिए। शिक्षा न केवल ज्ञान बढ़ाती है, बल्कि आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का भी विकास करती है। सफलता के लिए समय का सदुपयोग, नियमित अध्ययन और अच्छे संस्कार बेहद जरूरी हैं।
उन्होंने कहा कि कई बार बच्चों के लिए कॉपी-पेन जैसी छोटी जरूरतें भी चुनौती बन जाती हैं। ऐसे में समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद करनी चाहिए, ताकि आर्थिक कठिनाइयां किसी बच्चे की पढ़ाई में बाधा न बनें।
निशुल्क शैक्षणिक सामग्री मिलने से विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यालय परिवार एवं उपस्थित लोगों ने भागवत साहू की इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने वाला सकारात्मक कदम बताया। कार्यक्रम में किशोर पटेल, दीपक मोरिया, राहुल सारथी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Back to top button