लक्ष्मी नारायण पटेल को अब पीएम श्री सेजेस के वित्तीय व प्रशासनिक प्रभार..कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जारी किया आदेश ..

सारंगढ़-बिलाईगढ़।
सारंगढ़ स्थित पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस) के प्राचार्य एल.पी. पटेल के खिलाफ चल रही जांच और विभागीय प्रकरण के मद्देनजर जिला प्रशासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल किया है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने संस्था के वित्तीय व प्रशासनिक संचालन को सुचारू बनाए रखने के लिए नया आदेश जारी किया है।
जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी जोईधा राम डहरिया के स्थान पर अब वर्तमान प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी लक्ष्मी नारायण पटेल को प्राचार्य पद का समस्त वित्तीय और प्रशासनिक प्रभार सौंपा गया है।
आदेश के तहत प्रभारी डीईओ अपने वर्तमान कर्तव्यों के साथ-साथ इस अतिरिक्त प्रभार का निर्वहन करेंगे। वे संस्था की वित्तीय व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के साथ-साथ सभी जरूरी शासकीय कार्यों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करेंगे। कलेक्टर द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक प्रभावशील रहेगा।
