सारंगढ़

शिक्षक दिवस पर एसपी सुनील शर्मा बने बच्चों के ‘साइबर गुरु’…अशोका पब्लिक स्कूल में दी सुरक्षा की सीख…

​सारंगढ़: शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर, अशोका पब्लिक स्कूल सारंगढ़ में एक अनोखा और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला। जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुनील शर्मा न केवल एक पुलिस अधिकारी की भूमिका में, बल्कि एक उत्कृष्ट शिक्षक और मार्गदर्शक के रूप में बच्चों के बीच उपस्थित हुए। उन्होंने बच्चों को साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों और उनसे बचाव के प्रति सरल और प्रभावशाली तरीके से जागरूक किया।

​शिक्षक दिवस के अवसर पर अशोका पब्लिक स्कूल में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने स्कूली बच्चों को साइबर वर्ल्ड के खतरों से आगाह किया। उन्होंने सोशल मीडिया, ऑनलाइन गेम्स, और इंटरनेट के इस्तेमाल में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। श्री शर्मा ने बच्चों को समझाया कि कैसे मामूली लापरवाही से वे साइबर अपराधियों का शिकार बन सकते हैं। उन्होंने बताया कि निजी जानकारी किसी से साझा न करें, अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत अपने माता-पिता या शिक्षकों को जानकारी दें।
​
एसपी सुनील शर्मा ने अपनी बात को बेहद सरल और बच्चों के समझने योग्य उदाहरणों के साथ प्रस्तुत किया, जिसे बच्चों ने ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने कहा, “सच्चा शिक्षक वही होता है जो केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देता, बल्कि जीवन की सही दिशा और सुरक्षा का मार्ग भी दिखाता है। आज के डिजिटल युग में, साइबर सुरक्षा की जानकारी होना जीवन जीने की कला का एक हिस्सा है।” उनके इस मार्गदर्शन को बच्चों ने एक प्रेरणास्रोत के रूप में ग्रहण किया।

इस गरिमामय अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और एसपी शर्मा के इस अनूठे प्रयास की सराहना की। इसके अलावा एसडीओपी श्री दीवान, आरआई श्री जीतेन्द्र चंद्रा, स्कूल के संचालक राजेश अग्रवाल, श्री अजेश अग्रवाल, प्रिंसिपल श्री मिश्रा सर, समस्त शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

कार्यक्रम के बाद बच्चों में काफी उत्साह देखा गया। उन्होंने एसपी शर्मा से कई सवाल भी पूछे और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक होने का संकल्प लिया। स्कूल प्रबंधन ने एसपी शर्मा का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने अपने व्यस्त समय से समय निकालकर बच्चों को सुरक्षा का एक महत्वपूर्ण पाठ पढ़ाया।

Back to top button