बरमकेला : “चोरी का ‘हाई-लेवल’ हुनर” घर के बाहर रखे पिकअप 1.74 ले उड़े चोर..

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में चोरों का ‘कार्य-कौशल’ इन दिनों नए नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। पहले तो वे सिर्फ दोपहिया वाहनों तक अपनी ‘सेवाएं’ सीमित रखते थे, लेकिन अब लगता है कि उनका लक्ष्य बड़ा हो चुका है वे सीधे महिंद्रा बोलेरो पिकअप जैसे भारी-भरकम वाहनों को ‘पार’ लगाने की कला का प्रदर्शन कर रहे हैं।
घटना बरमकेला क्षेत्र के लेन्ध्रा गांव की है। पीड़ित अशोक कुमार पटेल (उम्र 49 वर्ष) ने साल 2013 में बड़े जतन से अपनी बोलेरो पिकअप (CG 13 L 6340) खरीदी थी। 17 जुलाई की रात करीब 8 बजे उन्होंने नियमानुसार अपनी गाड़ी घर के बाजू में पार्क की। लेकिन चोरों की ‘कार्यकुशलता’ देखिए 18 जुलाई की सुबह 5 बजे से पहले ही उन्होंने गाड़ी को इतनी सफाई से गायब कर दिया कि हवा को भी खबर नहीं हुई।
मालिक ने पूरे गांव और आसपास के इलाकों में खोजबीन की, लेकिन चोर अपनी इस ‘उपलब्धि’ का सुराग पीछे छोड़ना भूल गए थे!
मामला दर्ज, अब प्रक्रिया पर टिकी निगाहें-
आखिरकार निराश होकर प्रार्थी ने बरमकेला थाने का दरवाजा खटखटाया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए विधि सम्मत प्रक्रिया का पालन किया और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अज्ञात चोर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
गनीमत यह है कि करीब 1,74,000 रुपये कीमत की इस गाड़ी के तमाम दस्तावेज (चेचिस व इंजन नंबर) पुलिस के रिकॉर्ड में दर्ज हो चुके हैं। अब देखना यह है कि कानून के लंबे हाथ चोरों के इस ‘सफल अभियान’ पर कितनी जल्दी ब्रेक लगाते हैं और गाड़ी मालिक को राहत पहुंचाते हैं।
तब तक के लिए, क्षेत्र के बाकी वाहन मालिकों को सलाह है कि वे अपनी गाड़ियों की सुरक्षा थोड़ी और सख्त कर लें, क्योंकि चोर इस समय पूरे ‘फॉर्म’ में नज़र आ रहे हैं!