भारत माता चौक ऑटो स्टैंड की बदहाली पर विकास ने एसडीएम के नाम सौंपा ज्ञापन..कचरे के ढेर से महामारी का खतरा.लटकते हाई-वोल्टेज तारों से हादसे की आशंका….

सारंगढ़। सारंगढ़-रायगढ़ मुख्य मार्ग पर स्थित भारत माता चौक ऑटो स्टैंड की बदहाली और जानलेवा विद्युत संकट को लेकर आज विकास कोसले के नेतृत्व में कलेक्टर को एसडीएम के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
विकास कोसले ने बताया कि ऑटो स्टैंड के पीछे की मुख्य नाली की अधूरी सफाई कर सड़ चुका कचरा सड़क किनारे ही छोड़ दिया गया है। धूप के कारण इससे उठने वाली असहनीय बदबू से स्थानीय व्यापारियों, ऑटो चालकों और राहगीरों का जीना दूभर हो गया है, जिससे क्षेत्र में महामारी फैलने का खतरा बना हुआ है।
हादसे को न्योता देता ट्रांसफार्मर-
सबसे गंभीर स्थिति यह है कि इसी जलभराव वाली नाली के पास लगे ट्रांसफार्मर के हाई-वोल्टेज नंगे तार नीचे लटक रहे हैं। व्यस्त इलाका होने के कारण यहाँ कभी भी करंट फैलने से बड़ी जनहानि हो सकती है।
क्षेत्रवासियों ने आक्रोश जताते हुए नगर पालिका और विद्युत विभाग से युद्धस्तर पर संयुक्त कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने के दौरान विकास कोसले, विक्रम जोल्हे, किशन भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में ऑटो चालक और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

