सारंगढ़

अंग्रेजी साहित्य की रंगीन झलक: छात्र-छात्राओं ने कार्यशाला में बिखेरा प्रतिभा का जलवा…

रायगढ़ विश्वविद्यालय से संबद्ध नवीन शासकीय महाविद्यालय चपले में शैक्षणिक गतिविधियों का एक शानदार आयोजन देखने को मिला, जब दिनांक 27 अप्रैल 2026 को बीएससी द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं के लिए जी.ई. अंग्रेजी साहित्य पाठ्यक्रम पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। यह कार्यक्रम न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि विद्यार्थियों की रचनात्मकता और अभिव्यक्ति का उत्कृष्ट मंच भी बना।
कार्यशाला का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश तिवारी के नेतृत्व एवं नोडल अधिकारी श्री जी. एस. राठिया के मार्गदर्शन में किया गया। अंग्रेजी विभाग के सहायक प्राध्यापक प्रो. एम. एल. पटेल ने कार्यक्रम का सफल संचालन करते हुए इसे एक प्रभावशाली रूप दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां शारदे की पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिससे वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। इस अवसर पर शहीद वीर नारायण सिंह शासकीय महाविद्यालय, जोबी के सहायक प्राध्यापक प्रो. वाई. के. राठिया मुख्य समालोचक के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यशाला में विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से साहित्य और सिनेमा के विभिन्न आयामों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। संजय निषाद ने चर्चित फिल्म 3 इडियट्स का विश्लेषण प्रस्तुत किया, वहीं रोशनी पटेल ने छिछोरे फिल्म पर अपने विचार साझा किए।
अंग्रेजी साहित्य के अंतर्गत विभिन्न विषयों पर विद्यार्थियों ने गहन अध्ययन प्रस्तुत किया। निर्मला साहू ने The Night, भावना बरेठ ने Happy the Man, भारती पटेल ने On His Blindness, पिंकी पटेल ने Defoe Deals, प्रियंका पटेल ने Sir Roger at Home, साक्षी पटेल ने Of Revenge, तिलोत्तमा पटेल ने Dover Beach तथा वर्षा पटेल ने A Prayer for My Daughter पर प्रभावशाली व्याख्यान दिया।
प्रो. वाई. के. राठिया ने अपने उद्बोधन में अंग्रेजी साहित्य के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में नोडल अधिकारी श्री जी. एस. राठिया ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए आभार व्यक्त किया। इस सफल आयोजन में महाविद्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।
यह कार्यशाला विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक अनुभव साबित हुई, जिसने उनके आत्मविश्वास और विषय की समझ को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

Back to top button