गोठान का नाम बदलकर ‘सुरभि गौधाम’! सरकार कर रही पुरानी योजना की नई पैकेजिंग – बिनोद भारद्वाज

सारंगढ़। जिला पंचायत सदस्य और कांग्रेस नेता बिनोद भारद्वाज ने सुरभि गौधाम योजना को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कोई नई योजना नहीं है, बल्कि कांग्रेस सरकार के समय शुरू की गई गोठान योजना को ही नया नाम और नया बोर्ड लगाकर प्रस्तुत किया जा रहा है।
बिनोद भारद्वाज ने कहा कि राज्य सरकार जिस योजना को नई और महत्वाकांक्षी पहल बताकर प्रचारित कर रही है, दरअसल उसकी अवधारणा और ढांचा पूरी तरह से गोठान योजना जैसा ही है। उनके अनुसार सुरभि गौधाम योजना गोठान योजना का ही दूसरा रूप है, जिसे राजनीतिक लाभ के लिए नए नाम से पेश किया जा रहा है।
कांग्रेस नेता ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक पुनः पैकेजिंग बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं ने पहले गोठान योजना को लेकर लगातार आलोचना की और इसे विफल बताने का प्रयास किया, लेकिन अब वही मॉडल अपनाकर नई योजना के रूप में जनता के सामने लाया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि यदि गोठान योजना वास्तव में खराब थी, तो फिर उसी मॉडल को अपनाकर गौधाम योजना क्यों शुरू की जा रही है। वहीं अगर गोठान योजना अच्छी थी, तो उसे वर्षों तक बदनाम करने और राजनीतिक मुद्दा बनाने की क्या आवश्यकता थी।
बिनोद भारद्वाज ने कहा कि जनता सब समझती है और सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर सुरभि गौधाम योजना में ऐसा क्या नया है, जो इसे गोठान योजना से अलग बनाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल नाम बदलकर पुरानी योजनाओं को दोबारा प्रस्तुत कर रही है, जबकि जमीन पर नई पहल की कमी दिखाई दे रही है।