सारंगढ़

युवा शक्ति का राष्ट्र निर्माण संकल्प: आरएसएस का भव्य युवा सम्मेलन सारंगढ़ में संपन्न…

सारंगढ़। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने शताब्दी वर्ष (1925–2025) के उपलक्ष्य में देशभर में युवा सम्मेलनों का आयोजन कर रहा है। इसी क्रम में सारंगढ़ में आयोजित युवा सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें क्षेत्र के लगभग 350 युवाओं एवं बच्चों ने सहभागिता की।
सम्मेलन में 15 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, स्वामी विवेकानंद के आदर्शों तथा अनुशासित जीवन शैली के लिए प्रेरित किया गया। संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में युवाओं को व्यसनमुक्त जीवन, सच्चे नायक के गुण, भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभक्ति, समय प्रबंधन एवं सामाजिक दायित्वों से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया।
इस अवसर पर संघ की 100 वर्षों की गौरवशाली यात्रा (1925–2025) पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को देश सेवा के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में विभाग प्रचारक डॉ. राजकुमार भारद्वाज द्वारा देशभक्ति गीतों का गायन तथा स्वामी विवेकानंद के जीवन आदर्शों पर सारगर्भित चर्चा की गई।
बताया गया कि ऐसे युवा सम्मेलन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित किए जा रहे हैं। सारंगढ़ में भी यह आयोजन अलग-अलग स्थानों पर संपन्न हुआ। उद्देश्य स्पष्ट है—युवा शक्ति को सही दिशा देकर देश को सशक्त, अनुशासित एवं आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाना।
कार्यक्रम में नगर कार्यवाह सतीश यादव, व्यवस्था प्रमुख तुषार तिवारी, संयोजक आवेश गोयल, स्नेहा तिवारी, खंड प्रचारक जितेश जयसवाल, डॉ. हलधर पटेल एवं चिराग साहू सहित संघ के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Back to top button