छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़:बछड़े की एक टांग काटकर ले गया अज्ञात व्यक्ति, लोगों में भारी आक्रोश…

बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के ग्राम कोलिहा में कांजी हाउस के सामने अज्ञात व्यक्ति बछड़े का एक पिछला पैर काटकर ले गया।

जिसके बाद गंभीर रूप से घायल बछड़े की तड़प- तड़पकर मौके पर ही मौत हो गई। घटना को लेकर गांव समेत पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है।

सुबह करीब 7 बजे जब ग्रामीणों ने खून से लथपथ मृत बछड़े को देखा तो तत्काल इसकी जानकारी पूरे गांव और आसपास के इलाकों में फैल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा, जनप्रतिनिधि एवं गौसेवक मौके पर पहुंचने लगे। सरपंच गीता संतोष साहू, जनपद सदस्य रामजी निषाद सहित भारी भीड़ घटना स्थल पर मौजूद रही।

कड़ी कार्रवाई की मांग
घटनास्थल पर मौजूद गौ सेवकों ने इसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताया और कड़ी कार्रवाई की मांग की। कुछ उग्र गौसेवकों ने अपराधियों को कड़ी चेतावनी भी दी, हालांकि पुलिस ने लोगों से संयम रखने की अपील की है। घटना की सूचना मिलते ही थाना भाटापारा ग्रामीण की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्राथमिक जांच शुरू की। मृत गौवंश के शरीर पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के स्पष्ट निशान पाए गए।

पुलिस ने की अफवाहों से बचने की अपील
पुलिस ने बछड़े का पंचनामा एवं कफन-दफन की प्रक्रिया पूरी कर ली है तथा अज्ञात आरोपी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा गांव में पूछताछ, संभावित संदिग्धों की तलाश एवं आसपास लगे CCTV के माध्यम से आरोपी का पता लगाने की कोशिशें की जा रही हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार के भड़काऊ बयान, सोशल मीडिया पोस्ट या अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि, यह संवेदनशील मामला है, इसलिए लोग कानून को हाथ में न लें और जांच में सहयोग करें।

Back to top button