छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ी सिनेमा का मशहूर अभिनेता गिरफ्तार, गांजा तस्करी करने का आरोप, 4 साल से दे रहा था पुलिस को चकमा…

अनूपपुर जिले के कोतमा थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। छत्तीसगढ़ी फिल्म उद्योग में गानों के एलबम निर्माता और अभिनेता अजय त्रिपाठी जो कि गांजा तस्करी के गंभीर आरोप में बीते चार वर्षों से फरार था आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। आरोपी अजय त्रिपाठी के विरुद्ध मामला इतना गंभीर था कि उसकी गिरफ्तारी को लेकर मध्यप्रदेश विधानसभा में भी आश्वासन प्रश्न लगाया गया था।

पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान के निर्देशन में कोतमा पुलिस ने NDPS एक्ट 2021 के तहत दर्ज मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया कि अजय त्रिपाठी छत्तीसगढ़ी फिल्मों और एलबमों में काम करता था और पिछले चार साल से पुलिस को चकमा दे रहा था। दरअसल 17 मार्च 2021 को कोतमा थाना अंतर्गत केवई पथरौड़ी के पास एक क्षतिग्रस्त अर्टिगा कार से 111 पैकेटों में 219 किलो से अधिक गांजा बरामद किया गया था। इस मामले में कार चालक सोनू उर्फ हेमराज सपहा को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था जबकि इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड अजय त्रिपाठी फरार चल रहा था।

कोतमा थाना प्रभारी निरीक्षक रत्नाम्बर शुक्ल के नेतृत्व में पुलिस ने साइबर टीम की मदद से आरोपी को उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार अजय त्रिपाठी पहले भी ओडिशा के सोहेला थाना क्षेत्र में NDPS एक्ट के एक अन्य मामले में जेल जा चुका है। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है जहां उससे मामले में और भी पूछताछ की जा रही है।

Back to top button