शिक्षक के जेब में रखे मोबाइल में लगी आग, बाहर निकालते ही हुआ ब्लास्ट, टीचर के हाथ और जांघ जल गया…

वर्तमान समय में मोबाइल फोन हर किसी की ज़िंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। लेकिन सोचिए अगर यही मोबाइल अचानक आपके लिए मौत का कारण बन जाए तो क्या होगा? जी हाँ शहडोल में एक शिक्षक के साथ कुछ ऐसा ही हुआ है जहाँ स्कूल की कक्षा के दौरान शिक्षक की जेब में रखा मोबाइल अचानक आग पकड़ने लगा और देखते ही देखते उनका हाथ झुलस गया। इसके बाद क्लासरूम में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि शिक्षक ने समय रहते सूझबूझ से काम लिया और एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
शहडोल ज़िले के देवरी निवासी 36 वर्षीय शिक्षक आशीष कुमार गुप्ता स्कूल में बच्चों को पढ़ा रहे थे। तभी अचानक उनकी जेब में रखा वीवो कंपनी का मोबाइल गर्म होने लगा। जैसे ही उन्होंने मोबाइल निकालने की कोशिश की उसमें से धुआँ और चिंगारियाँ निकलने लगीं। मोबाइल इतना ज़्यादा गर्म हो गया कि उनकी उंगलियाँ झुलस गईं और हाथ व जांघ की त्वचा भी जल गई। मोबाइल को किसी तरह बाहर फेंका गया लेकिन तब तक क्लासरूम धुएँ से भर चुका था। बच्चों और स्टाफ में हड़कंप मच गया। अगर समय रहते मोबाइल बाहर न फेंका जाता तो यह हादसा गंभीर रूप ले सकता था।
इस घटना के बाद शिक्षक ने संबंधित मोबाइल कंपनी और घटना को लेकर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जाँच का आश्वासन दिया है। मोबाइल से आहत शिक्षक आशीष गुप्ता ने कहा की मोबाइल हमारी ज़िंदगी का अहम हिस्सा बन चुके हैं लेकिन अगर इनमें सुरक्षा की गारंटी न हो, तो ये कभी भी जानलेवा साबित हो सकते हैं। मैं सभी लोगों से अपील करता हूँ कि सतर्क रहें क्योंकि ऐसी घटनाएँ न केवल आपकी बल्कि आपके आसपास मौजूद लोगों की ज़िंदगियों को भी खतरे में डाल सकती हैं।