छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़:ग्रामीण विकास के नाम पर 51.87 लाख की धोखाधड़ी, पति पत्नी गिरफ्तार…

बिलासपुर। थाना सीपत पुलिस ने धोखाधड़ी के एक बड़े मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ग्रामीण विकास कार्यों के नाम पर 51.87 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी।

पुलिस ने आरोपियों के पास से करोड़ों की संपत्ति और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं।

ग्रामीणों को झांसा देकर किया फर्जीवाड़ा

ग्राम पोडी निवासी गायत्री सूर्यवंशी (35) की शिकायत पर थाना सीपत में मामला दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि आरोपी प्रमिल दास मानिकपुरी और उनकी पत्नी रंजना दास मानिकपुरी ने नल उत्खनन, नाली निर्माण, सीसी रोड और तालाब उत्खनन के नाम पर गांव के लोगों से लोन निकलवाकर 51.87 लाख रुपये हड़प लिए।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

शिकायत के बाद थाना सीपत में अपराध क्रमांक 154/2025, धारा 420 और 34 भादवि के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। सायबर सेल की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर बिलासपुर के सेंद्री बायपास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।

जब्त की गई संपत्ति

आरोपियों के कब्जे से निम्नलिखित संपत्ति जब्त की गई:

बुलेट मोटरसाइकिल – ₹2,50,000

कार – ₹7,00,000

टीवी – ₹50,000

आईफोन – ₹75,000

कुल संपत्ति मूल्य – ₹10,75,000

इसके अलावा 30 एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, आधार कार्ड की छायाप्रति, लोन से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए गए।

गिरफ्तारी और आगे की कार्रवाई

गिरफ्तार आरोपियों को 21 मार्च 2025 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में और खुलासे हो सकते हैं।

Back to top button