सारंगढ़

सारंगढ़ में पनिका समाज का बड़ा फैसला, लोकतांत्रिक प्रक्रिया से चुना जाएगा जिलाध्यक्ष…

सारंगढ़। पनिका समाज जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को कबीर आश्रम सारंगढ़ में आयोजित हुई। बैठक में सारंगढ़, बरमकेला और सरसींवा तीनों ब्लॉक के अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। बैठक में समाज के संगठनात्मक ढांचे, जिलाध्यक्ष निर्वाचन प्रक्रिया, सामुदायिक भवन निर्माण तथा समाज के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में समाज के जिलाध्यक्ष पद को लेकर स्पष्ट निर्णय लिया गया कि किसी व्यक्ति द्वारा स्वयं को जिलाध्यक्ष घोषित करना लोकतांत्रिक परंपरा एवं समाज की सामूहिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं है। समाजजनों ने सर्वसम्मति से तय किया कि तीनों ब्लॉक के पदाधिकारी मिलकर निर्वाचन नियमावली तैयार करेंगे। इसके बाद सदस्यता अभियान चलाया जाएगा और निर्धारित प्रक्रिया के तहत लोकतांत्रिक तरीके से जिलाध्यक्ष का चुनाव कराया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में लगभग पांच से छह माह का समय लगने की संभावना जताई गई है। तब तक पुरानी जिला कमेटी ही समाज के कार्यों का संचालन करती रहेगी।

बैठक में सारंगढ़ में सामुदायिक भवन निर्माण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। समाजजनों ने कहा कि सारंगढ़ जिला मुख्यालय होने के साथ समाज का धार्मिक एवं सामाजिक केंद्र भी है। यहां पहले से छोटा भवन और कबीर साहेब की प्रतिमा स्थापित है, ऐसे में सामुदायिक भवन का निर्माण सारंगढ़ में ही कराया जाना उचित होगा। भवन को उलखर ले जाने की मांग का समाजजनों ने विरोध किया और सारंगढ़ में ही भवन निर्माण की मांग पर जोर दिया।

इसके अलावा एसटी वर्ग में पुनः बहाली की मांग को लेकर कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। समाज के प्रतिनिधियों ने अपने अधिकारों, मांगों और सामाजिक हितों को लेकर शासन तक आवाज पहुंचाने की बात कही।

तीनों ब्लॉक अध्यक्षों ने बैठक में समाज की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि समाज को ऐसे नेतृत्व की आवश्यकता है जो केवल पद का दावेदार न हो, बल्कि समाज को जोड़ने वाला, लोगों के बीच समन्वय स्थापित करने वाला और अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ने वाला हो। उन्होंने कहा कि समाज को डीलर नहीं, लीडर चाहिए, जो समाज के हित में काम करे और सभी को साथ लेकर आगे बढ़े।

बैठक के बाद समाज का प्रतिनिधिमंडल विधायक उत्तरी गनपत जांगड़े से सौजन्य मुलाकात कर समाज की विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से अवगत कराया। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, पारदर्शी निर्वाचन व्यवस्था लागू करने और समाज के हितों को प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया गया।

Back to top button