सारंगढ़ में सड़क बदहाल, हादसों को न्योता…सरिया की जर्जर सड़क से राहगीर परेशान, गड्ढों में भरा पानी बना दुर्घटना का खतरा…

सरिया। सारंगढ़ क्षेत्र के सरिया में सड़क की बदहाल स्थिति लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे, उखड़ी गिट्टियां और जमा पानी राहगीरों के लिए मुसीबत बन रहे हैं। सड़क की मौजूदा तस्वीर देखकर सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को कितनी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क के बीचों-बीच बने गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में वाहन चालक मजबूरी में संभलकर आवागमन कर रहे हैं। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह सड़क जोखिम भरी साबित हो रही है। राहगीरों और स्थानीय लोगों को भी रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। जर्जर सड़क पर अचानक वाहन अनियंत्रित होने या गड्ढों में फंसने से दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है।
गौरतलब है कि सरिया रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है, जहां से प्रदेश के वित्त मंत्री एवं विधायक ओपी चौधरी प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे में क्षेत्र की सड़क की बदहाल तस्वीर सामने आने के बाद बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों की स्थिति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सड़क की हालत यह बता रही है कि आम लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान के लिए तत्काल ध्यान देने की जरूरत है।
स्थानीय लोगों की मांग है कि संबंधित विभाग सड़क का निरीक्षण कर गड्ढों को भरने और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत का काम जल्द शुरू करे। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की सुध नहीं ली गई तो किसी दिन गंभीर दुर्घटना हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी?
अब सवाल यह है कि सारंगढ़ के सरिया की इस बदहाल सड़क की मरम्मत कब होगी? क्या जिम्मेदार विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है, या जनता को राहत देने के लिए समय रहते कार्रवाई की जाएगी? आमजन को सुरक्षित सड़क देना प्रशासन और संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है, लेकिन सरिया की सड़क की वर्तमान स्थिति इस जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर रही है।