सारंगढ़: कबाड़ से बना मॉडल, बच्चों को सिखाया स्वच्छता का मंत्र…

सारंगढ़। स्वच्छ भारत अभियान एवं क्लीन इंडिया, ग्रीन इंडिया की मुहिम को जमीनी स्तर पर साकार करने के उद्देश्य से शासकीय प्राथमिक शाला दहिदा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय में पदस्थ प्रधान पाठक प्रियंका गोस्वामी एवं विद्यार्थियों की सहभागिता से तैयार कचरा पृथक्करण के कार्यकारी मॉडल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया। खास बात यह रही कि यह टीएलएम (शिक्षण अधिगम सामग्री) मॉडल शून्य निवेश लागत पर पूरी तरह कबाड़ से जुगाड़ कर तैयार किया गया, जो नवाचार और रचनात्मकता का बेहतरीन उदाहरण बना।
कार्यक्रम में शिक्षिका प्रियंका गोस्वामी ने नन्हे विद्यार्थियों को बेहद सरल, रोचक और व्यावहारिक तरीके से समझाया कि दैनिक जीवन में निकलने वाले कचरे का सही प्रबंधन कैसे किया जा सकता है। मॉडल के माध्यम से गीले कचरे और सूखे कचरे के बीच अंतर स्पष्ट करते हुए हरे एवं नीले डस्टबिन के उपयोग की जानकारी दी गई। बच्चों को बताया गया कि हरे डस्टबिन में गीला एवं जैविक कचरा डालना चाहिए, जिससे खाद तैयार की जा सकती है, वहीं नीले डस्टबिन में सूखा कचरा डालकर उसे पुनर्चक्रण यानी रीसाइक्लिंग के माध्यम से उपयोगी बनाया जा सकता है।
इस नवाचार के माध्यम से विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी जिम्मेदारियों का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक मॉडल को देखा, समझा और अपने दैनिक जीवन में कचरा पृथक्करण अपनाने का संकल्प लिया। उन्होंने स्कूल परिसर को स्वच्छ रखने के साथ-साथ अपने घरों और आसपास के लोगों को भी गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के लिए प्रेरित करने की बात कही।
विद्यालय में अपनाई गई यह पहल बच्चों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। कम लागत में तैयार यह मॉडल अन्य विद्यालयों के लिए भी प्रेरणादायक बन सकता है। इस तरह छोटे-छोटे प्रयासों के जरिए बच्चों को स्वच्छता का संस्कार देकर भावी पीढ़ी को स्वच्छ, स्वस्थ और हरित भारत के निर्माण से जोड़ने का सार्थक प्रयास किया जा रहा है।