मरीजों की सेवा और स्वास्थ्य व्यवस्था सुधार के प्रति समर्पित डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव, निरीक्षण में दिखी संवेदनशील कार्यशैली…

सारंगढ़। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव की सक्रियता और संवेदनशील कार्यशैली सराहनीय नजर आ रही है। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार जिला अस्पताल सारंगढ़ के निरीक्षण के दौरान डॉ. वैष्णव ने केवल व्यवस्थाओं का जायजा ही नहीं लिया, बल्कि मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास भी किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के ओपीडी, आईपीडी सहित विभिन्न विभागों का अवलोकन किया। अस्पताल अधीक्षक डॉ. दीपक जायसवाल से प्रतिदिन ओपीडी में पहुंचने वाले मरीजों की संख्या, भर्ती मरीजों की स्थिति, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों की उपलब्धता, जांच सुविधाओं तथा दवाइयों की व्यवस्था के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति को समझने के लिए उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक सुधारों पर जोर दिया।
डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव की कार्यशैली का विशेष पहलू यह रहा कि उन्होंने मरीजों से सीधे बातचीत कर उपचार की स्थिति, जांच में होने वाली परेशानी, दवाइयों की उपलब्धता और स्वास्थ्य कर्मचारियों के व्यवहार के संबंध में जानकारी ली। मरीजों एवं उनके परिजनों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को आवश्यक निर्देश दिए, ताकि अस्पताल पहुंचने वाले लोगों को उपचार के दौरान अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
स्वास्थ्य सेवाओं को केवल सरकारी व्यवस्था तक सीमित न रखते हुए मरीजों के अनुभव और संतुष्टि को भी महत्वपूर्ण मानने की उनकी पहल एक सकारात्मक दृष्टिकोण को दर्शाती है। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील, सहयोगात्मक और आत्मीय व्यवहार रखने की हिदायत दी। उनका स्पष्ट संदेश रहा कि अस्पताल में आने वाला हर मरीज सम्मान, सहानुभूति और बेहतर उपचार का हकदार है।
डॉ. वैष्णव ने कहा कि जिले के प्रत्येक शासकीय अस्पताल में आने वाले मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग करते हुए गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित की जाएं, जिससे उपचार के दौरान मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय और शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचाने पर भी विशेष जोर दिया।
स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जिम्मेदारी, मरीजों की समस्याओं को सुनने का मानवीय दृष्टिकोण और व्यवस्था सुधारने की प्रतिबद्धता के साथ डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव का यह निरीक्षण स्वास्थ्य विभाग में जवाबदेही और संवेदनशीलता का संदेश देता है। निरीक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक दीपक सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक और अस्पताल के कर्मचारी उपस्थित रहे।