सारंगढ़

जय यादव, जय माधव के जयघोष से गूंजा सारंगढ़, झेरिया यादव समाज ने निकाली भव्य शोभायात्रा…

 

सारंगढ़। झेरिया यादव समाज नगर इकाई द्वारा गोपाष्टमी का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें समाज के महिला-पुरुषों सहित बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। शोभायात्रा के दौरान जय यादव, जय माधव के गगनभेदी जयघोष से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा।

शोभायात्रा का शुभारंभ बरपाली चौक से हुआ, जो कमला नगर, फुलझरिया पारा, नंदा चौक और जय स्तंभ चौक होते हुए भैरव चौक कमला नगर पहुंची। जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला अध्यक्ष फिरूराम यादव तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश मीडिया प्रभारी धनेश यादव शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जग मोहन यादव ने की। अतिथियों ने भगवान श्रीकृष्ण के छायाचित्र पर विधिवत पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

मुख्य अतिथि फिरूराम यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि गोपाष्टमी गौसेवा और गौसंरक्षण का महत्वपूर्ण पर्व है। भगवान श्रीकृष्ण के आदर्श प्रेम, त्याग और सेवा की भावना को जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा देते हैं। वहीं विशिष्ट अतिथि धनेश यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। गोपाष्टमी का पर्व गौमाता के प्रति सम्मान प्रकट करने के साथ ही उनके संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लेने का अवसर है।

इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में नगर अध्यक्ष नीलाधर यादव, सचिव विकास यादव सहित महिला प्रकोष्ठ की पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन रोशन यादव एवं शिव यादव ने किया। पूरे आयोजन में समाज की एकजुटता, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली।

Back to top button