सारंगढ़

पुराने लैपटॉप से शिक्षा में नई उड़ान, AI से संवर रहा बच्चों का भविष्य..

 

सारंगढ़। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के उद्देश्यों को साकार करने की दिशा में शासकीय प्राथमिक शाला दहिदा में शिक्षा का एक प्रेरणादायक नवाचार देखने को मिल रहा है। यहां विद्यार्थी पारंपरिक पढ़ाई के साथ आधुनिक तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (ICT) के माध्यम से 21वीं सदी के जरूरी कौशल सीख रहे हैं। विद्यालय की प्रधान पाठक प्रियंका गोस्वामी की पहल से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की सराहनीय कोशिश की जा रही है।

विद्यालय में दान के माध्यम से प्राप्त पुराने लैपटॉप को प्रियंका गोस्वामी ने अपने निजी खर्च से व्यवस्थित कराकर ICT आधारित शिक्षण कार्य प्रारंभ किया है। उनके मार्गदर्शन में बच्चे अब पाठों को केवल रटने के बजाय उन्हें रचनात्मक और व्यावहारिक रूप में समझ रहे हैं। AI टूल्स की सहायता से विद्यार्थी पाठ्यक्रम से जुड़ी रोचक कहानियां गढ़ना, कविताएं लिखना और डिजिटल चित्र तैयार करना सीख रहे हैं। इससे पढ़ाई के प्रति उनकी जिज्ञासा और रचनात्मक सोच को नई दिशा मिल रही है।

डिजिटल गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को डेटा संग्रहण, पैटर्न निर्माण, समस्या समाधान, तार्किक एवं वैज्ञानिक सोच जैसे महत्वपूर्ण कौशलों से परिचित कराया जा रहा है। इसके साथ ही बारकोड स्कैनिंग, पीडीएफ बनाना, स्क्रीनशॉट लेना और गूगल डॉक तैयार करने जैसे व्यावहारिक डिजिटल कार्य भी सिखाए जा रहे हैं। इन गतिविधियों से विद्यार्थी तकनीक का उपयोग केवल मनोरंजन के लिए नहीं, बल्कि ज्ञान अर्जित करने और अपनी प्रतिभा निखारने के लिए करना सीख रहे हैं।

खेल-खेल में तकनीक आधारित शिक्षा मिलने से बच्चों की पढ़ाई में रुचि बढ़ी है। इसका सकारात्मक असर विद्यालय की उपस्थिति पर भी दिखाई दे रहा है और उपस्थिति शत-प्रतिशत की ओर अग्रसर है। ग्रामीण परिवेश के ये नन्हे विद्यार्थी अब आधुनिक तकनीकी दुनिया से जुड़कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

विद्यालय में किए जा रहे इस नवाचार से सरपंच, ग्रामवासी एवं शाला प्रबंधन समिति के सदस्य भी उत्साहित और प्रसन्न हैं। जिला शिक्षा अधिकारी एल.एन. पटेल एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी सोमा सिंह ठाकुर ने इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए प्रियंका गोस्वामी सहित संपूर्ण शालेय परिवार को बधाई दी है। सीमित संसाधनों में पुराने लैपटॉप के माध्यम से डिजिटल शिक्षा की यह पहल साबित कर रही है कि मजबूत इच्छाशक्ति और नवाचार से ग्रामीण स्कूलों में भी आधुनिक शिक्षा की नई इबारत लिखी जा सकती है।

Back to top button