सारंगढ़

सेवा, संस्कार और समरसता के संग मना अभामा महिला सम्मेलन का दीपावली मिलन…

सारंगढ़। दीपावली का पर्व खुशियों, उल्लास, आपसी प्रेम और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए अखिल भारतीय महिला सम्मेलन (अभामा महिला सम्मेलन) की सारंगढ़ शाखा द्वारा नगर के अग्रसेन भवन में दीपावली मिलन समारोह हर्षोल्लास और आत्मीय वातावरण में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ समाज के आराध्य महाराजा अग्रसेन जी की विधिवत पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष श्रीमती मधु केजरीवाल ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य दीपावली की खुशियों को सेवा, संस्कार और सामाजिक समरसता से जोड़ना है। इसी भावना के तहत 11 ब्राह्मण-ब्राह्मणियों को ससम्मान भोजन कराया गया। साथ ही उन्हें वस्त्र, श्रृंगार सामग्री, विभिन्न उपयोगी वस्तुएं एवं दक्षिणा भेंटकर सम्मानित किया गया।

इसके पश्चात महिला सम्मेलन की पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पटाखे फोड़कर दीपावली की खुशियां साझा कीं। पूरे आयोजन में उत्साह और उमंग का माहौल रहा। महिलाओं ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया।

समारोह में मनोरंजन के लिए भी विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। महिलाओं ने विभिन्न रोचक खेलों, हंसी-मजाक और मनोरंजक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं स्वादिष्ट एवं लजीज व्यंजनों का आनंद लेकर समारोह की खुशियों को दोगुना किया। लंबे समय तक चले इस मिलन समारोह में सभी सदस्यों ने एक-दूसरे के साथ आत्मीयता से खुशियों के पल साझा किए।

अभामा महिला सम्मेलन की सारंगढ़ शाखा का यह आयोजन धार्मिक आस्था, सेवा भावना, महिला एकजुटता और सामाजिक समरसता का सुंदर उदाहरण बना।

Back to top button