सारंगढ़

बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता की अलख, तीन छात्राओं को मिली साइकिल…

सारंगढ़। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत ग्राम भीखमपुरा स्थित पंडित हृदयानंद पाणिग्राही शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘सशक्त बचपन, सुरक्षित भविष्य’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य डॉ. अभिलाषा नायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में बच्चों को बाल अधिकारों, सुरक्षा और शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

इस अवसर पर सपेरा बस्ती की तीन छात्राओं रिंकी सिदार, पदमा सिदार और पुलेश्वरी सिदार को साइकिल प्रदान की गई। उल्लेखनीय है कि बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा के प्रवास के दौरान इन तीनों छात्राओं ने उनसे साइकिल की मांग की थी। छात्राओं की आवश्यकता को समझते हुए डॉ. वर्णिका शर्मा ने पहल की, जिसके परिणामस्वरूप तीनों बालिकाओं को साइकिल उपलब्ध कराई गई। साइकिल मिलने से छात्राओं के चेहरे खिल उठे। इससे उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी और उनकी पढ़ाई को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बाल विवाह, बाल मजदूरी, बाल तस्करी और बाल यौन शोषण जैसी गंभीर सामाजिक बुराइयों के दुष्परिणामों की विस्तार से जानकारी दी गई। बच्चों को बताया गया कि बाल विवाह उनके बचपन, शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। साथ ही बाल अधिकारों के संरक्षण और किसी भी प्रकार के शोषण के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस दौरान बच्चों को 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन की जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी बच्चे के साथ संकट, हिंसा, शोषण या बाल अधिकारों के उल्लंघन की स्थिति में इस नंबर पर सहायता प्राप्त की जा सकती है। कार्यक्रम के माध्यम से बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण, बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने और प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित एवं सम्मानजनक बचपन उपलब्ध कराने का संदेश दिया गया।

Back to top button