सारंगढ़

तीन वार्डों में कांग्रेस का चुनावी मंथन, कार्यकर्ताओं में भरा जोश…

 

सारंगढ़। नगर पालिका चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने सारंगढ़ नगर में अपनी सक्रियता तेज कर दी है। नगर पालिका चुनाव की पर्यवेक्षक एवं सरायपाली विधायक श्रीमती चातुरी नंद ने क्षेत्रीय विधायक उत्तरी जांगड़े और कांग्रेस नेताओं की टीम के साथ वार्ड क्रमांक 10 खैराहा, वार्ड क्रमांक 1 कुटेला एवं वार्ड क्रमांक 3 टेंगनापाली में सघन जनसंपर्क एवं चुनावी बैठकें कीं। इस दौरान उन्होंने वार्डवासियों, संभावित प्रत्याशियों और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की तथा उनकी राय जानी।

बैठकों के दौरान पर्यवेक्षक चातुरी नंद ने कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत चर्चा कर वार्डों की राजनीतिक स्थिति, मतदाताओं के रुझान और संगठन की मजबूती को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान किया।

वार्ड क्रमांक 10 खैराहा में आयोजित बैठक में पर्यवेक्षक चातुरी नंद, विधायक उत्तरी जांगड़े, अरुण मालाकार, सूरज तिवारी, गोल्डी नायक एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रामनाथ सिदार ने मंच से कार्यकर्ताओं और उपस्थित नागरिकों को संबोधित किया। कांग्रेस नेताओं ने मतदाताओं से पार्टी के पक्ष में समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि चुनाव में संगठन की मजबूती और बूथ स्तर पर सक्रियता ही जीत का आधार बनेगी। इस अवसर पर रामेश्वर चंद्र, राजकमल अग्रवाल, धनेश भारद्वाज, अज्जू खान एवं गोलू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इसके पश्चात वार्ड क्रमांक 1 कुटेला में आयोजित बैठक में पर्यवेक्षक चातुरी नंद ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए महतारी वंदन योजना, बिजली बिलों में बढ़ोतरी, चूना पत्थर खदान, पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और राशन में कटौती जैसे मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझना जरूरी है। बैठक में मंडल अध्यक्ष अश्वनी चंद्र, पार्षद कमल निराला, नरेंद्र यादव, मितेंद्र यादव, नागेश्वर महंत, पीतांबर यादव, अरुण यादव, किशोर, कमल यादव, धनसाय, नीरज यादव, नवीन यादव, किशोर निराला एवं राकेश जाटवर सहित संतोषी चौहान, होमेश्वरी बंजारे, अजगल्ले जी और मंगली निराला भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर अश्वनी चंद्र एवं कमल यादव ने अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इसके बाद कांग्रेस का काफिला वार्ड क्रमांक 3 टेंगनापाली पहुंचा। यहां भी पर्यवेक्षक चातुरी नंद एवं विधायक उत्तरी जांगड़े ने कार्यकर्ताओं और वार्डवासियों से मुलाकात कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की। बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत और समर्पण के साथ चुनावी अभियान में जुटने का संदेश दिया। इस अवसर पर राधे जायसवाल, शम्मे बंजारे, तुला सोनवानी, चांदराम जांगड़े, पीतांबर देवांगन सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं महिलाएं उपस्थित रहीं। राधे जायसवाल ने अतिथियों और वार्डवासियों का आभार व्यक्त किया।

इन बैठकों में प्रदेश प्रतिनिधि सूरज तिवारी, घनश्याम मनहर, अरुण मालाकार, पूर्व जिला अध्यक्ष गोल्डी नायक, जिला संगठन महामंत्री सखाराम मल्होत्रा, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रामनाथ सिदार, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मंजूलता आनंद, महिला सेवादल प्रदेश अध्यक्ष सरिता मल्होत्रा, प्रदेश सचिव अजय बंजारे, नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि कमला किशोर निराला, मितेंद्र यादव, इशरत खान एवं अशोक अग्रवाल की विशेष उपस्थिति रही।

गौरतलब है कि पर्यवेक्षक चातुरी नंद अपनी टीम के साथ सारंगढ़ नगर पालिका के सभी 15 वार्डों का लगातार दौरा कर रही हैं। उनकी रणनीति वार्ड स्तर पर बैठक आयोजित कर सीधे मतदाताओं, संभावित प्रत्याशियों और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करने की है। कांग्रेस संगठन इन बैठकों के माध्यम से जमीनी स्थिति का आकलन करने के साथ चुनावी तैयारियों को धार देने में जुटा है। तीनों वार्डों में हुई बैठकों में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और संगठनात्मक एकजुटता का माहौल देखने को मिला। अब कांग्रेस की नजर शेष वार्डों में जनसंपर्क और संगठन की मजबूती के जरिए चुनावी माहौल को अपने पक्ष में करने पर है।

Back to top button