सारंगढ़

शिक्षा और नवाचार में चमके बांसउरकुली के दो शिक्षक, मिला नवदीप गुरु गौरव सम्मान…

 

सारंगढ़। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धति और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए गए उल्लेखनीय प्रयासों के चलते शासकीय प्राथमिक विद्यालय बांसउरकुली, विकासखंड बिलाईगढ़ के दो शिक्षकों को राज्य स्तरीय सम्मान से नवाजा गया है। विद्यालय के प्रधान पाठक विनोद कुमार डड़सेना एवं सहायक शिक्षक (विज्ञान) जीतेन्द्र गिरि गोस्वामी को प्रतिष्ठित नवदीप गुरु गौरव सम्मान-2026 प्रदान किया गया।

नवदीप शिक्षण सेवा समिति छत्तीसगढ़ द्वारा 15 नवंबर को साहू धर्मशाला, कुटेला में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में दोनों शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इस समारोह में प्रदेशभर से चयनित 169 शिक्षकों एवं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मान प्रदान किया गया।

दोनों शिक्षकों ने विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ पारंपरिक शिक्षण पद्धति से आगे बढ़कर कई नवाचारपूर्ण गतिविधियों को अपनाया है। इनमें ‘कबाड़ से जुगाड़’, ‘खेल-खेल में शिक्षा’, ‘विज्ञान की दीवार पत्रिका’ जैसी रचनात्मक पहल शामिल हैं, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति रुचि, वैज्ञानिक सोच और रचनात्मक क्षमता विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

इसके साथ ही स्वच्छ एवं हरित विद्यालय की परिकल्पना को साकार करने के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ और ‘एक गमला शहीदों के नाम’ जैसी प्रेरणादायक पहल भी संचालित की गई। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब एवं सांसद राधेश्याम राठिया उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में सारंगढ़ विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े और बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं शिक्षा जगत से जुड़े लोग मौजूद रहे।

दोनों शिक्षकों को मिले इस सम्मान से शासकीय प्राथमिक विद्यालय बांसउरकुली सहित पूरे विकासखंड बिलाईगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में हर्ष का माहौल है। यह उपलब्धि न केवल दोनों शिक्षकों की मेहनत, समर्पण और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का सम्मान है, बल्कि उन सभी शिक्षकों के लिए भी प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों में नवाचार के माध्यम से बच्चों का भविष्य संवारने में जुटे हुए हैं।

Back to top button