बूथ स्तर पर कांग्रेस को मजबूत करने जुटा सेवादल, 240 बूथों में अध्यक्ष चयन पूरा…

सारंगढ़। कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बिलाईगढ़ में सेवादल की ब्लॉक स्तरीय संगठन विस्तार बैठक आयोजित की गई। बैठक में सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान संगठन विस्तार, बूथ कमेटियों के गठन और आगामी नगर पंचायत उपचुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला अध्यक्ष इंदूभूषण पड़वार ने संगठनात्मक प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि विधानसभा क्षेत्र के कुल 408 पोलिंग बूथों में से अब तक 240 बूथों पर सेवादल अध्यक्षों का चयन किया जा चुका है। शेष बूथों पर भी जल्द ही नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि सोनाखान ब्लॉक के शेष बूथों पर बैठक आयोजित कर अध्यक्षों का चयन किया जाएगा। संगठन विस्तार के तहत पवनी, पेंड्रावन, भटगांव और बिलाईगढ़ में अब तक चार ब्लॉक स्तरीय बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं।
बैठक में बिलाईगढ़ नगर पंचायत उपचुनाव को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं से अपील की गई कि वे घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करें, कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जनता तक पहुंचाएं तथा कांग्रेस प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटें।
बैठक के मुख्य अतिथि जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन ने कहा कि पवनी और बिलाईगढ़ में सहकारिता बैंक खोलने की स्वीकृति मिलने के बावजूद तीन वर्ष बीत जाने पर भी इनका संचालन शुरू नहीं हो पाया है। इससे क्षेत्र के किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और उनमें नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सहकारिता बैंक किसानों की सुविधा और आर्थिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण हैं। यदि जल्द ही बैंक शुरू नहीं किए गए तो किसानों के हित में कांग्रेस पार्टी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
बैठक में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया। कांग्रेस नेताओं ने बूथ स्तर पर मजबूत पकड़ बनाने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने पर जोर दिया।