सारंगढ़

छोटे मठ में गूंजे गोवर्धन महाराज के जयकारे, 500 श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद…

 

सारंगढ़। नगर के वार्ड क्रमांक 9 स्थित ऐतिहासिक श्री गोपाल जी मंदिर छोटे मठ में गोवर्धन पूजा का पर्व धार्मिक श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना, दीपदान और भव्य महाआरती से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। इस पावन अवसर पर नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भगवान गोवर्धन महाराज के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

मंदिर परिसर में आयोजित संपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान महंत श्री बंशीधर दास मिश्रा के सानिध्य में वैदिक रीति-रिवाज एवं शास्त्रोक्त विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। पूजा के मुख्य जजमान के रूप में श्रीमती विनीता कमल गोयल ने सपत्नीक धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए विधिवत पूजा-अर्चना की।

गोवर्धन पूजा के अवसर पर सर्वप्रथम श्री गोपाल जी मंदिर की गौशाला में गौमाताओं का विधि-विधान से पूजन किया गया। इसके पश्चात गोबर से निर्मित गोवर्धन महाराज की प्रतिमा स्थापित कर मुख्य जजमान श्रीमती विनीता कमल गोयल द्वारा पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान गोवर्धन की आराधना कर समस्त नगरवासियों के सुख, समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की मंगलकामना की गई।

इस अवसर पर महंत श्री बंशीधर दास मिश्रा ने कहा कि श्री गोपाल जी मंदिर छोटे मठ में गोवर्धन पूजा की परंपरा वर्षों से निरंतर चली आ रही है। मंदिर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का निर्वहन पूरी श्रद्धा और शास्त्रोक्त विधि-विधान से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा भारतीय संस्कृति में प्रकृति, गौवंश और अन्न के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का महत्वपूर्ण पर्व है। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत की पूजा का दिया गया संदेश आज भी समाज को प्रकृति संरक्षण, गौसेवा और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है।

महंत बंशीधर दास मिश्रा ने बताया कि कार्तिक मास से मंदिर परिसर में महिला समिति द्वारा दीपदान का धार्मिक आयोजन भी प्रारंभ किया गया है। इसी धार्मिक परंपरा के अंतर्गत महिला समिति की गरिमामय उपस्थिति में भगवान गोवर्धन महाराज की भव्य महाआरती आयोजित की गई। दीपों की जगमगाती रोशनी, भक्ति संगीत और भगवान के जयकारों से मंदिर परिसर का वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंग गया। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से आरती में शामिल होकर धर्म और आस्था के प्रति अपनी सहभागिता प्रदर्शित की।

महाआरती के पश्चात भगवान गोवर्धन महाराज को विधिवत महाभोग अर्पित किया गया। इसके बाद भव्य भंडारे का शुभारंभ हुआ, जिसमें नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बड़ी श्रद्धा के साथ महाप्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के दौरान 500 से अधिक श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

ऐतिहासिक श्री गोपाल जी मंदिर छोटे मठ में आयोजित इस धार्मिक आयोजन ने एक बार फिर सारंगढ़ की समृद्ध धार्मिक विरासत, सनातन परंपरा, गौसेवा, सामाजिक समरसता और सामूहिक सहभागिता की अनुपम मिसाल प्रस्तुत की। आस्था और भक्ति के इस संगम ने श्रद्धालुओं के मन में आध्यात्मिक उल्लास भर दिया।

Back to top button