करंट के जाल में फंसे दो सांभर की दर्दनाक मौत, तीन शिकारी फरार; सुराग तलाशने पहुंचा डॉग जसी…

सारंगढ़। जिला मुख्यालय से महज 10 से 12 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत के आश्रित ग्राम सोंडीका के जंगल क्षेत्र में वन्यजीवों के अवैध शिकार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शिकार के लिए खेत में कथित रूप से बिछाए गए बिजली के करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से दो सांभर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना ने वन्यजीवों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हुई और घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में तीन संदिग्ध आरोपियों की पहचान हुई है, लेकिन कार्रवाई की भनक लगते ही तीनों फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोंडीका बस्ती से लगभग 500 से 600 मीटर की दूरी पर जंगल से लगे एक निजी खेत में लंबा बिजली का तार बिछाया गया था। आशंका जताई जा रही है कि जंगली जानवरों का शिकार करने के उद्देश्य से तार में करंट प्रवाहित किया गया था। इसी दौरान रात में दो सांभर खेत की ओर पहुंचे और करंट की चपेट में आ गए। देखते ही देखते दोनों वन्यजीवों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद शिकारियों ने एक सांभर को घटनास्थल पर ही छोड़ दिया, जबकि दूसरे सांभर को काटकर उसके अवशेष छिपाने का प्रयास किया गया। बताया जा रहा है कि दूसरे सांभर के दो पैर नाले के पास धान के पैरे में छिपाकर रखे गए थे। सुबह मामले की जानकारी सामने आने के बाद वन विभाग को सूचना दी गई। विभागीय टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की।
तीन संदिग्धों की पहचान, गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज
वन विभाग की प्रारंभिक जांच में तीन संदिग्ध आरोपियों की पहचान होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, तीनों फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। विभागीय टीम उनकी तलाश में जुटी हुई है। वहीं, वन विभाग और पशु चिकित्सा विभाग की मौजूदगी में मृत सांभरों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। घटनास्थल से बरामद अवशेषों और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है, ताकि शिकार की पूरी घटना का खुलासा किया जा सके।
आरोपियों का सुराग तलाशने पहुंचा डॉग जसी
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों तक पहुंचने के लिए डॉग स्क्वायड टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम के साथ डॉग जसी मौके पर पहुंचा और सुराग तलाशने की कार्रवाई शुरू की गई। बताया जा रहा है कि डॉग जसी पूर्व में अलग-अलग मामलों में आरोपियों तक पहुंचने में नौ बार सफलता हासिल कर चुका है। ऐसे में इस गंभीर मामले में भी डॉग जसी से महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
एक ही घटना में दो सांभर की मौत ने क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। खेतों और जंगलों के आसपास इस तरह अवैध रूप से बिजली का करंट फैलाकर शिकार करना न केवल वन्यजीवों के लिए जानलेवा है, बल्कि ग्रामीणों, किसानों और मवेशियों की जान के लिए भी बड़ा खतरा बन सकता है। यदि समय रहते ऐसी गतिविधियों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो भविष्य में कोई बड़ी जनहानि भी हो सकती है।
फिलहाल वन विभाग की जांच जारी है। अब देखना होगा कि डॉग स्क्वायड और विभागीय जांच के आधार पर फरार संदिग्धों तक कब पहुंचा जाता है और इस अमानवीय शिकार के पीछे शामिल लोगों के खिलाफ कब तक ठोस कार्रवाईहोती है।