सारंगढ़

बांस की कलाकृति में साकार हुआ अयोध्या का राम मंदिर, जिला पंचायत अध्यक्ष को भेंट…

 

सारंगढ़। दीपावली के पावन पर्व पर ग्रामवासियों ने जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पाण्डेय को अयोध्या स्थित भव्य श्रीराम मंदिर का बांस से निर्मित आकर्षक हस्तशिल्प प्रतिरूप भेंटकर आत्मीय सम्मान व्यक्त किया। यह अनूठी कलाकृति न केवल अपनी सुंदरता के लिए खास है, बल्कि ग्राम की कला, संस्कृति और भगवान श्रीराम के प्रति अटूट आस्था का भी अनुपम उदाहरण है।

इस अद्भुत कलाकृति का निर्माण ग्राम के प्रतिभाशाली शिल्पकार बसंत दास महंत ने अपने हुनर, मेहनत और रचनात्मक सोच से किया है। बांस जैसी साधारण सामग्री को इतनी बारीकी और खूबसूरती से तराशकर अयोध्या के श्रीराम मंदिर का प्रतिरूप तैयार करना उनकी अद्भुत कला-कौशल और समर्पण को दर्शाता है। कलाकृति में मंदिर की भव्यता और शिल्पकार की सूक्ष्म कारीगरी स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पाण्डेय ने ग्राम पंचायत के सरपंच एवं समस्त ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस भेंट को प्रेम, सम्मान और सामाजिक आत्मीयता का प्रतीक बताया। उन्होंने विशेष रूप से राजकुमार मैत्री, रोहित मैत्री, राम चौहान, मनोज मैत्री, बोट लाल, मनी राम सिदार, भोला मैत्री, पालू मैत्री सहित उपस्थित सभी ग्रामवासियों का हृदय से धन्यवाद किया।

उन्होंने इस उत्कृष्ट कलाकृति के निर्माण के लिए शिल्पकार बसंत दास महंत की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय प्रतिभाओं की ऐसी रचनात्मक पहल हमारी कला और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देती है।

यह भेंट महज एक हस्तशिल्प नहीं, बल्कि ग्रामवासियों के स्नेह, सम्मान, एकजुटता और प्रभु श्रीराम के प्रति अटूट श्रद्धा का प्रतीक बन गई। दीपावली के पावन अवसर पर हुई इस अनूठी पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है। शिल्पकार बसंत दास महंत एवं समस्त ग्रामवासियों को इस सराहनीय प्रयास के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।

Back to top button