सारंगढ़

धनतेरस पर भटगांव बाजार में उमड़ी भीड़, कारोबार में 30% उछाल!

 

भटगांव। धनतेरस के पावन अवसर पर भटगांव के मुख्य बाजार में जमकर रौनक देखने को मिली। सुबह से ही खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, जो देर रात तक बाजार में बनी रही। त्योहार को लेकर लोगों में खासा उत्साह नजर आया और बाजार पूरी तरह दीपावली के रंग में रंगा दिखाई दिया।

धनतेरस पर सोना-चांदी, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक सामान और दोपहिया वाहन खरीदना शुभ माना जाता है। इसी परंपरा को निभाते हुए लोगों ने इस बार भी जमकर खरीदारी की। सर्राफा दुकानों में सोने-चांदी के सिक्कों और आभूषणों की सबसे अधिक मांग रही। वहीं बर्तन दुकानों पर स्टील और पीतल के बर्तनों की खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ लगी रही।

इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल और ऑटोमोबाइल शोरूम में भी ग्राहकों का अच्छा प्रतिसाद देखने को मिला। विभिन्न कंपनियों द्वारा दिए जा रहे धनतेरस के आकर्षक ऑफरों का लोगों ने भरपूर लाभ उठाया। खासकर दोपहिया वाहनों की खरीदारी को लेकर युवाओं और परिवारों में विशेष उत्साह दिखाई दिया।

व्यापारियों के अनुसार इस वर्ष पिछले साल की तुलना में लगभग 30 प्रतिशत अधिक कारोबार हुआ है। इससे स्थानीय व्यापारियों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। वहीं त्योहार के दौरान बाजार में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भटगांव पुलिस भी मुस्तैद रही।

कुल मिलाकर धनतेरस ने भटगांव के व्यापारिक बाजार में रौनक और उत्साह भर दिया। जमकर हुई खरीदारी ने व्यापारियों को बेहतर कारोबार की सौगात दी, वहीं दीपावली से पहले ही पूरे शहर में उत्सव और खुशियों का माहौल बन गया।

Back to top button