सारंगढ़

शिव मंदिर तालाब के पास जुआ खेलते 4 गिरफ्तार, ₹7,150 जब्त…

 

भटगांव। अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भटगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिव मंदिर तालाब के पास जुआ खेल रहे चार आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹7,150 नगद, 52 पत्ती ताश और एक दरी जब्त की है। सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रात्रि में मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि भटगांव के शिव मंदिर तालाब के पास कुछ लोग खुले स्थान पर ताश की 52 पत्ती से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना भटगांव पुलिस की टीम सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस ने दरी बिछाकर जुआ खेल रहे चारों आरोपियों को पकड़ लिया। मौके पर गवाहों की उपस्थिति में नगदी, ताश की गड्डी और दरी जब्त की गई।

गिरफ्तार आरोपियों में अमित देवांगन पिता मेघनाथ (40 वर्ष), शंकर धीवर पिता छेलू (44 वर्ष), उमाशंकर धीवर पिता ठंडूराम (33 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 3 ब्राह्मणपारा तथा ध्रुपत कुमार देवांगन पिता हरिशंकर (38 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी भटगांव क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने चारों के कब्जे से कुल ₹7,150 नगद, 52 पत्ती ताश एवं एक दरी जब्त की है।

पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। बाद में सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने पर आरोपियों को जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया। पुलिस द्वारा आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना भटगांव के उप निरीक्षक शिव कुमार धारी एवं हमराह पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक सारंगढ़-बिलाईगढ़ के निर्देशानुसार जिले में अवैध जुआ, सट्टा, शराब सहित अन्य असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि आसपास होने वाली किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। शिव मंदिर तालाब जैसे सार्वजनिक और धार्मिक स्थल के समीप जुआ खेलने का मामला सामने आने के बाद पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Back to top button