सारंगढ़

प्रशासनिक व्यवस्था से रूबरू हुईं 20 बेटियां, अफसरों ने दिए सफलता के मंत्र…

सारंगढ़-बिलाईगढ़। बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक समझ विकसित करने के उद्देश्य से जिले में ‘बिटिया वर्क @ अभियान’ के तहत 20 छात्राओं को शासकीय कार्यालयों का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देश एवं जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस पहल में कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं की छात्राओं ने कलेक्टोरेट, पुलिस अधीक्षक कार्यालय तथा जिला पंचायत कार्यालय पहुंचकर प्रशासनिक कार्यप्रणाली को करीब से समझा।

भ्रमण के दौरान छात्राओं ने कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू, डिप्टी कलेक्टर विजय सिंह राणा, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी से सौजन्य मुलाकात कर सीधे संवाद किया। अधिकारियों ने छात्राओं को अपने-अपने विभागों की जिम्मेदारियों, कार्यप्रणाली और जनहित में संचालित गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। छात्राओं ने भी प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने सहजता से जवाब दिया।

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने छात्राओं को जिले में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रशासनिक व्यवस्था की जानकारी देते हुए जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि एकाग्रता, अनुशासन और निरंतर मेहनत के बल पर किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। इस दौरान छात्राओं को कलेक्टर निवास का भी अवलोकन कराया गया और कलेक्टर के कार्यों एवं दायित्वों से परिचित कराया गया।

डिप्टी कलेक्टर विजय सिंह राणा ने अपने विद्यालयीन जीवन के अनुभव साझा करते हुए प्रशासनिक सेवा में आने की प्रक्रिया और अधिकारियों की जिम्मेदारियों के बारे में बताया। वहीं पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था, नागरिक सुरक्षा और पुलिस की भूमिका समझाई। उन्होंने यूपीएससी परीक्षा की तैयारी, नियमित अध्ययन और अनुशासन को सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए छात्राओं को प्रशासनिक सेवाओं में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

इसी क्रम में जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना, बिहान योजना, मनरेगा और स्वच्छ भारत मिशन सहित ग्रामीण विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पंचायतों की भूमिका और सरकारी योजनाओं को गांवों तक पहुंचाने की प्रक्रिया भी समझाई।

‘बिटिया वर्क @ अभियान’ के तहत आयोजित यह भ्रमण छात्राओं के लिए केवल शैक्षणिक गतिविधि नहीं, बल्कि भविष्य के सपनों को नई दिशा देने वाला अनुभव साबित हुआ। अधिकारियों से सीधा संवाद कर छात्राओं को यह समझने का अवसर मिला कि प्रशासनिक सेवाओं में किस तरह काम होता है और समाज के विकास में उनकी क्या भूमिका होती है। यह पहल बेटियों को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और नेतृत्व क्षमता से परिपूर्ण बनाने के साथ उन्हें भविष्य में जिम्मेदार पदों पर पहुंचने के लिए प्रेरित करने की दिशा में सराहनीय कदम है।

Back to top button