व्यापारियों को मिली बड़ी राहत, SBI ने बांटे 5 और 10 रुपए के सिक्के…

व्यापारियों को मिली बड़ी राहत, SBI ने बांटे 5 और 10 रुपए के सिक्के…
सारंगढ़। त्योहारी सीजन में बाजार में खुदरा पैसों की किल्लत दूर करने और व्यापारियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय स्टेट बैंक मुख्य शाखा सारंगढ़ एवं छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स इकाई सारंगढ़ के संयुक्त सहयोग से सिक्का वितरण शिविर का आयोजन किया गया। स्टेट बैंक के सामने तुर्की तालाब गार्डन स्थित रंगमंच पर आयोजित इस शिविर में व्यापारियों को 5 एवं 10 रुपए के सिक्कों का वितरण किया गया।
शिविर में बड़ी संख्या में चेंबर के सदस्यों एवं व्यापारी बंधुओं ने पहुंचकर सिक्के प्राप्त किए। सिक्के मिलने से व्यापारियों में खासा उत्साह देखने को मिला। व्यापारियों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि आगामी त्योहारी सीजन में सिक्कों की उपलब्धता से ग्राहकों को छुट्टे पैसे लौटाने में काफी सहूलियत होगी। साथ ही बाजार में खुदरा लेन-देन को लेकर होने वाली परेशानियां भी कम होंगी।
इस आयोजन में भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक श्री देवांगन एवं मुख्य रोकड़िया नेमिश नायक का विशेष सहयोग रहा। वहीं चेंबर ऑफ कॉमर्स की सक्रिय भूमिका भी सराहनीय रही। चेंबर पदाधिकारी महेंद्र अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चिल्लर वितरण का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा, ताकि बाजार में सिक्कों की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे।
वहीं संगीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को दैनिक साप्ताहिक सब्जी बाजार में भी सिक्कों का वितरण किया जाएगा। इसके अलावा रविवार शाम 4 बजे से पुनः तुर्की तालाब गार्डन के रंगमंच पर सिक्का वितरण शिविर लगाया जाएगा। इसमें उन चेंबर सदस्यों एवं व्यापारियों को सिक्के उपलब्ध कराए जाएंगे, जो पहले दिन किसी कारणवश सिक्के प्राप्त नहीं कर पाए थे।
इस अवसर पर चेंबर के प्रदेश उपाध्यक्ष, जिला अध्यक्ष एवं मुख्य रोकड़िया नेमिश नायक ने सभी व्यापारी भाइयों से अपील की कि वे प्राप्त सिक्कों को बाजार में खुले रूप से प्रचलन में लाएं और ग्राहकों के साथ लेन-देन में इनका उपयोग करें। इससे न केवल खुदरा पैसों की समस्या दूर होगी, बल्कि बाजार में सुचारू व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।