सारंगढ़:देवसागर में धान खरीदी केंद्र का रास्ता साफ, 5 एकड़ जमीन से हटा कब्जा…

भटगांव। खरीफ विपणन वर्ष में किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें नजदीक में ही खरीदी की सुविधा मिल सके, इसके लिए राज्य शासन द्वारा नए धान खरीदी केंद्र खोले जा रहे हैं। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत देवसागर में नए धान खरीदी केंद्र की शुरुआत का रास्ता साफ हो गया है। केंद्र के लिए चयनित लगभग 5 एकड़ शासकीय भूमि को राजस्व विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण से मुक्त करा लिया है।
जानकारी के अनुसार, देवसागर में प्रस्तावित धान खरीदी केंद्र के लिए चयनित शासकीय भूमि पर कुछ ग्रामीणों द्वारा मवेशी बांधने, अस्थायी झोपड़ी बनाने और घरेलू सामान रखने के माध्यम से कब्जा किया गया था। राजस्व विभाग द्वारा भूमि की नाप-जोख कराए जाने पर अतिक्रमण की स्थिति सामने आई थी। इसके बाद तहसील कार्यालय की ओर से संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए थे।
शनिवार को तहसीलदार परमेश्वरी तिलकवार के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश दी, जिसके बाद शांतिपूर्ण तरीके से शासकीय भूमि से कब्जा हटाया गया। तहसीलदार नेत्रप्रभा ने बताया कि ग्रामीणों ने प्रशासन का सहयोग करते हुए स्वयं अपना सामान हटा लिया, जिससे पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
इस दौरान ग्राम सरपंच प्रतिनिधि उमाशंकर साहू, नई शाखा प्रबंधक पूरन साहू, थाना भटगांव पुलिस, कोटवार, आरआई भटगांव, पटवारी टीम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि देवसागर क्षेत्र के किसानों को अब तक धान बेचने के लिए दूर स्थित खरीदी केंद्रों तक जाना पड़ता था। इससे किसानों को परिवहन पर अतिरिक्त खर्च उठाने के साथ ही समय की बर्बादी भी होती थी। देवसागर में नए धान खरीदी केंद्र की स्वीकृति मिलने से क्षेत्र के किसानों में खुशी का माहौल है। इस केंद्र के शुरू होने से देवसागर सहित आसपास के करीब 9 गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
अतिक्रमण हटने के बाद अब खरीदी केंद्र की बुनियादी सुविधाएं विकसित करने की तैयारी शुरू होगी। इसके तहत चबूतरा निर्माण, कांटा-बांट, बारदाना सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। नया केंद्र शुरू होने से किसानों को धान बेचने के लिए दूर-दराज के केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और उनकी आर्थिक एवं समय संबंधी परेशानियां काफी हद तक कम होंगी।