सारंगढ़

सारंगढ़ को मिलेगी हरियाली की नई सौगात, उद्यान निर्माण के लिए 95.30 लाख मंजूर…

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 20 जुलाई 2026। सारंगढ़ नगरवासियों के लिए बड़ी सौगात देते हुए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने नगरपालिका क्षेत्र में आधुनिक उद्यान (गार्डन) के निर्माण के लिए 95 लाख 30 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा की गई घोषणा के अनुरूप वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में अधोसंरचना मद से यह राशि मंजूर की गई है।
इस स्वीकृति के बाद सारंगढ़ शहर में एक सुव्यवस्थित एवं आकर्षक उद्यान का निर्माण किया जाएगा, जिससे नागरिकों को सुबह-शाम टहलने, योग, व्यायाम और परिवार के साथ समय बिताने के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा। साथ ही शहर की सुंदरता और हरित वातावरण को भी बढ़ावा मिलेगा।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव के अनुमोदन के पश्चात संचालनालय से स्वीकृति आदेश जारी कर दिए हैं। मंत्री श्री साव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उद्यान निर्माण कार्य पूर्ण गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
उद्यान निर्माण की इस स्वीकृति को शहर के सौंदर्यीकरण, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों में इस घोषणा को लेकर उत्साह है और उम्मीद जताई जा रही है कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह उद्यान सारंगढ़ की नई पहचान बनेगा।

Back to top button