छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़:पत्नी को प्रेमी के साथ देखा तो पति ने खोया आपा, कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर मार डाला…

जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां पत्नी को उसके प्रेमी के साथ देखने के बाद पति ने गुस्से में आकर प्रेमी की टांगिया (कुल्हाड़ी) से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रेमी को लेकर पति-पत्नी में होता था विवाद

मामला धमतरी जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र के बाजार कुर्रीडीही गांव का है। जानकारी के मुताबिक, गांव में एक शादीशुदा महिला और एक युवक के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। इसी संबंध को लेकर पति और युवक के बीच पहले भी विवाद होता रहा था। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन पति ने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ देख लिया। इसके बाद उसका गुस्सा फूट पड़ा और उसने मौके पर ही टांगिया से युवक के गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

मध्य प्रदेश का रहने वाला था मृतक

मृतक की पहचान शंकर लाल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, मृतक का शव पुलिस जैसी वर्दी में मिला है। हालांकि, वह किसी पुलिस विभाग में कार्यरत था या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस उसकी पहचान और सेवा संबंधी जानकारी जुटाने में लगी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही केरेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की गई और फॉरेंसिक साक्ष्य भी जुटाए गए।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

पुलिस ने हत्या के आरोपी पति को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह शादीशुदा महिला से प्रेम संबंध और इसी को लेकर उपजा विवाद बताया जा रहा है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उनके धमतरी पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम सहित आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही हैं।

Back to top button