सारंगढ़

कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने लिया कौशल विकास प्रशिक्षण का जायजा: विद्यार्थियों को नियमित रहने और शत-प्रतिशत उपस्थिति की दी सलाह..

​सारंगढ़। जिला कौशल विकास प्राधिकरण द्वारा जेएसएम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में संचालित ‘जनरल ड्यूटी असिस्टेंट’ (GDA) कोर्स का जिला कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे और जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन ने औचक निरीक्षण किया। राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के मार्गदर्शन और गुरु अर्जन चैरिटेबल ट्रस्ट के संचालन में चल रहे इस निःशुल्क कोर्स के माध्यम से जिले के युवाओं को स्वास्थ्य क्षेत्र में स्वरोजगार के लिए तैयार किया जा रहा है।

उपस्थिति पर कलेक्टर की सख्त हिदायत-

​निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने 27 छात्र-छात्राओं के बैच से सीधा संवाद किया। उन्होंने कड़े शब्दों में नियमितता का महत्व बताते हुए कहा:
​”सभी विद्यार्थी सुनिश्चित करें कि प्रशिक्षण में उनकी उपस्थिति कम से कम 75 प्रतिशत हो। यदि इससे कम उपस्थिति रही, तो बोर्ड नियमानुसार परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं देगा, जिससे आपके समय और प्रमाण पत्र दोनों का नुकसान होगा।”

विद्यार्थियों की मांग पर जिला अस्पताल में प्रैक्टिकल की सुविधा-

​संवाद के दौरान छात्राओं ने थ्योरी के पुराने नोट्स और प्रैक्टिकल के लिए अतिरिक्त समय की मांग रखी। विद्यार्थियों के उत्साह को देखते हुए कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने तत्काल जिला अस्पताल में प्रैक्टिकल प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने छात्रों से शुगर, हीमोग्लोबिन जांच और कोर्स की बारीकियों से संबंधित सवाल भी पूछे।

क्या है जीडीए कोर्स और इसकी भूमिका?

​दिसंबर से जून 2026 तक चलने वाले इस निःशुल्क प्रशिक्षण के लिए न्यूनतम योग्यता 12वीं उत्तीर्ण है। कोर्स की मुख्य विशेषताएं निम्न हैं:

​प्रशिक्षण अवधि: 4 महीने की कक्षा (थ्योरी) और 2 महीने का ऑन-जॉब प्रशिक्षण (OJT)।

​मुख्य विषय: मानव शरीर रचना विज्ञान, प्राथमिक उपचार (CPR), मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट और आपातकालीन देखभाल।

कार्य: प्रशिक्षित छात्र अस्पतालों और नर्सिंग होम में डॉक्टरों व नर्सों के सहायक के रूप में मरीजों की देखभाल और प्रबंधन का कार्य करेंगे।
इस अवसर पर कौशल विकास विभाग के अधिकारी पुरुषोत्तम स्वर्णकार सहित अस्पताल प्रबंधन और ट्रस्ट के सदस्य उपस्थित रहे।

Back to top button