छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़:शराब में मिलावट करते ठेके के कर्मचारी गिरफ्तार…

सरगुजा। सरगुजा की संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने सूरजपुर जिले के प्रतापपुर अंग्रेजी शराब दुकान में चार कर्मचारियों को ब्रांडेड शराब में मिलावट करते हुए पकड़ा है। शराब दुकान के कर्मचारी नामी शराब कंपनियों की बोतलों से शराब निकालकर उसमें पानी मिलाते थे।

संभागीय उड़नदस्ता दल ने चारों कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। जानकारी के मुताबिक, आबकारी विभाग के संभागीय उड़नदस्ता दल को प्रतापपुर में मिलावटी शराब बेचे जाने की सूचना मिली थी। सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में आबकारी उड़नदस्ता टीम ने सूरजपुर की आबकारी टीम के साथ विदेशी मदिरा दुकान प्रतापपुर में दबिश दी। दुकान पहुंचे पर सुपरवाइजर अंशु सोनी सेल्समेन उपेंद्र चंद्रवंशी, संजय कुमार और मल्टीपरपज वर्कर राजा पंडवार उपस्थित मिले।

दुकान की जांच करने पर 31 पानी की बोतलों में अंग्रेजी शराब को कटिंग कर (बोतलों से निकालकर) रखा गया था। दुकान से 31 लीटर विदेशी मदिरा व्हिस्की, 11 रॉयल चौलेंज व्हिस्की की बोतलों में मिलावटी शराब और 35 नग गोवा स्पेशल की हॉफ बोतल में मिलावटी शराब जब्त की गई। जांच में पता चला कि कर्मचारियों ने मिलावटी शराब बनाने के लिए दुकान से 3 किलोमीटर की दूरी पर एक किराए का मकान लिया था। उक्त मकान की तलाशी करने पर उसमें लगभग 200 खाली बोतलें, 250 लेवल रैपर, 3 हजार से अधिक ढक्कन मिले हैं। मिलावटी शराब, खाली बोतलें, ढक्कन और रैपर को जब्त कर लिया गया है। चारों कर्मचारियों के खिलाफ धारा 34(2) 38(क) का 39 (ग) एवं 59 (क) के तहत FIR दर्ज की गई है। सभी आरोपियों को शुक्रवार को सूरजपुर कोर्ट में पेश किया गया। कार्रवाई में जिला सूरजपुर के आबकारी उप निरीक्षक प्रदीप वर्मा भी शामिल थे।

Back to top button