सक्ती

महानदी ने लिया रौद्र रूप, बरेकेल में बढ़ा बाढ़ का खतरा, हसौद-सरसीवां मार्ग बंद…

सक्ती 28 सितंबर। सक्ती जिले के बरेकेल क्षेत्र से होकर गुजरने वाली महानदी इन दिनों उफान पर है। गंगरेल बांध के सभी गेट खोले जाने के बाद नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है और तेज बहाव के चलते महानदी ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। नदी किनारे बसे गांवों में बाढ़ की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
जलस्तर बढ़ने के साथ ही संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों में प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। जिन इलाकों में पानी प्रवेश करने की आशंका है, वहां ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। प्रशासन ने लोगों को नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास नहीं जाने तथा अनावश्यक आवाजाही से बचने की सख्त हिदायत दी है।
महानदी में तेज बहाव का असर आवागमन पर भी पड़ा है। हसौद से सरसीवां जाने वाला मार्ग परसदा के पास नदी को पार करता है, जहां पानी बढ़ने के कारण मार्ग पर आवागमन रोक दिया गया है। इससे आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इधर, पुलिस प्रशासन ने भी संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। बाढ़ प्रभावित मार्गों और नदी किनारे पुलिस जवानों की तैनाती कर लोगों को सुरक्षित रहने की समझाइश दी जा रही है। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जलस्तर और बहाव की स्थिति को देखते हुए ग्रामीण किसी भी तरह का जोखिम न लें।
जिला प्रशासन एवं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें और बाढ़ के पानी अथवा नदी-नालों के समीप जाने से पूरी तरह बचें। बढ़ते जलस्तर के बीच प्रशासन की नजर अब नदी किनारे बसे गांवों और प्रमुख संपर्क मार्गों पर बनी हुई है।

Back to top button