सारंगढ़

खेल के मैदान से साइबर सुरक्षा तक… पुलिस ने 3 हजार लोगों को किया जागरूक…

सारंगढ़-बिलाईगढ़। खेल के मैदान में जीत के लिए अनुशासन, सतर्कता, धैर्य और सही समय पर सही निर्णय जरूरी होता है। ठीक उसी तरह आज की डिजिटल दुनिया में साइबर अपराधियों को मात देने के लिए भी जागरूकता और सावधानी सबसे बड़ा हथियार है। इसी संदेश के साथ सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने विश्व खेल दिवस के अवसर पर जिलेभर में विशेष साइबर जागरूकता अभियान चलाकर युवाओं, खिलाड़ियों और आम नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा का पाठ पढ़ाया।
डिजिटल ठगी के बढ़ते मामलों पर लगाम लगाने और आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों के करीब 15 प्रमुख स्थानों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के दौरान लगभग 3 हजार नागरिकों, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।

डिजिटल पिच पर भी रहें अलर्ट

पुलिस अधिकारियों ने लोगों को बताया कि साइबर ठग लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड, यूपीआई धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी, ओटीपी फ्रॉड, संदिग्ध लिंक, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल और आकर्षक ऑनलाइन गेम व ऑफर्स के जरिए लोगों को जाल में फंसाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कहा कि डिजिटल दुनिया में किसी भी अनजान संदेश, कॉल या लिंक पर बिना सोचे-समझे भरोसा करना नुकसानदेह साबित हो सकता है। इसलिए हर नागरिक को सतर्क और जागरूक रहने की जरूरत है।

पासवर्ड और ओटीपी किसी को नहीं

अभियान के दौरान लोगों को स्पष्ट रूप से समझाया गया कि बैंक खाते का पासवर्ड, एटीएम पिन, सीवीवी, ओटीपी या अन्य कोई भी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। इसके साथ ही संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और बिना सत्यापन किसी अनजान मोबाइल ऐप को डाउनलोड करने से बचने की अपील की गई।

ठगी हो जाए तो घबराएं नहीं, तुरंत करें शिकायत

पुलिस ने नागरिकों को बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो समय बर्बाद न करें और तत्काल कार्रवाई करें। पीड़ित व्यक्ति तुरंत राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर सकता है तथा cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज करा सकता है।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस का यह अभियान यह संदेश दे रहा है कि जिस तरह खेल में जीत के लिए हर खिलाड़ी को हर पल चौकन्ना रहना पड़ता है, उसी तरह डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए भी सतर्कता बेहद जरूरी है। सावधानी और जागरूकता से ही साइबर ठगों को मात दी जा सकती है।

Back to top button