अधिवक्ता जगत का सितारा बुझा: न्यायालय परिसर में उमड़ा शोक का सैलाब…

सारंगढ़। जिला अधिवक्ता संघ सारंगढ़ के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता लाल वीरेंद्र बहादुर तिवारी के निधन पर गुरुवार को न्यायालय परिसर में आकस्मिक शोकसभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और संघ के पदाधिकारियों ने उनके योगदान को याद करते हुए गहरा शोक व्यक्त किया।
सभा में अपर सत्र न्यायाधीश डॉ. मनोज प्रजापति, संतोष महोबिया, हरिश्चंद्र मिश्रा, मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी निकसन डेविड लकड़ा, व्यवहार न्यायाधीश आशीष डेहरिया, कु. नेताम सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।
जिला अधिवक्ता संघ के प्रवक्ता दीपक तिवारी ने कहा कि स्व. तिवारी केवल सफल अधिवक्ता ही नहीं, बल्कि उत्कृष्ट गायक, संगीतकार और बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। उन्होंने सारंगढ़ संगीत समिति और नवनीत ऑर्केस्ट्रा ग्रुप का सफल संचालन भी किया था।
उनके कार्यकाल में सारंगढ़ में अपर सत्र न्यायालय के लिंक कोर्ट की स्थापना की मांग सफल हुई और बाद में उसे स्थायी न्यायालय का दर्जा मिला। न्यायिक व्यवस्था को मजबूत करने में उनके योगदान को अधिवक्ता जगत ने अविस्मरणीय बताया।