सारंगढ़:गुरु वंदना से गूंजा प्रज्ञा संगीत महाविद्यालय, संगीत समारोह में झलकी गुरु-शिष्य परंपरा…

सारंगढ़। जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के सरसींवा स्थित प्रज्ञा संगीत महाविद्यालय में गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शिवकुमारी अनिल साहू के मुख्य आतिथ्य में भव्य संगीत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें गुरु-शिष्य परंपरा की अनुपम छटा देखने को मिली।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा अपने गुरुजनों का श्रीफल एवं शाल भेंट कर सम्मान करने के साथ हुई। विद्यार्थियों ने अपने गुरुओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने मनमोहक संगीत प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
समारोह का विशेष आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक रूप से प्रस्तुत “गुरुर ब्रह्मा गुरुर विष्णु गुरुर देवो महेश्वरः, गुरुः साक्षात् परब्रह्म तस्मै श्री गुरवे नमः” का भावपूर्ण गायन रहा। मधुर स्वर लहरियों से पूरा परिसर गूंज उठा और उपस्थित जनसमूह भावविभोर हो गया।
इस दौरान पूरा वातावरण भक्ति, संगीत और भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा से ओत-प्रोत रहा। समारोह में उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि गुरु का सम्मान भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में संस्कार, अनुशासन और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
कार्यक्रम का समापन गुरुजनों के आशीर्वचन एवं सभी के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं के साथ हुआ। समारोह ने गुरु पूर्णिमा के पावन संदेश को जीवंत करते हुए गुरु के प्रति श्रद्धा, सम्मान और समर्पण की भावना को और अधिक सशक्त बनाया।
