सारंगढ़:24 घंटे में मिला समाधान: 8 साल से बिस्तर पर महिला का घर पहुंचकर हुआ आधार अपडेट…

सारंगढ़। संवेदनशील प्रशासन और त्वरित कार्रवाई का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदन के महज 24 घंटे के भीतर आठ वर्षों से बिस्तर पर जीवन व्यतीत कर रही महिला का आधार अपडेट कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम सेमरिया निवासी अशोक सोनवानी ने जनदर्शन में आवेदन देकर बताया था कि उनकी पत्नी गले की हड्डी टूटने के कारण पिछले लगभग 8 वर्षों से बिस्तर पर हैं और चल-फिर पाने में असमर्थ हैं। आधार केंद्र तक पहुंचना उनके लिए संभव नहीं था, जिससे आधार अपडेट कराना एक बड़ी समस्या बन गया था।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल ई-गवर्नेंस शाखा को महिला के घर पहुंचकर आधार अपडेट करने के निर्देश दिए। निर्देश के अगले ही दिन ई-गवर्नेंस की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ महिला के घर पहुंची और बायोमीट्रिक सहित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर आधार अपडेट का आवेदन अपलोड किया।
जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस गंगाधर विश्वकर्मा ने बताया कि शीघ्र ही महिला का आधार अपडेट हो जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि ऐसे बुजुर्ग और दिव्यांग नागरिक, जो आधार केंद्र तक नहीं पहुंच सकते, उन्हें घर पर ही आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
प्रशासन की इस त्वरित और मानवीय पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है तथा यह जरूरतमंदों के लिए राहत और भरोसे का संदेश बनकर उभरी है।
