छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ बिहान योजना में गड़बड़ी: 19 समूहों की सचिव ने 20 लाख गबन कर बनाया घर. पुलिस ने किया गिरफ्तार…

पुलगांव पुलिस ने बिहान योजना की किस्त जमा करने के बजाय गबन करने वाली सचिव मनीता निषाद (Manita Nishad) को गिरफ्तार किया है. महिला आरोपी ने 19 महिला समूह से करीब 20 लाख रुपए की धोखाधड़ी की है.

पूछताछ में महिला ने बताया कि गबन की राशि का उपयोग उसने अपने कोटनी और नांदगांव स्थित मकान के निर्माण में किया है.

पुलिस ने महिला आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है. पुलिस ने बताया कि महिला के खिलाफ समूह की दो अलग-अलग अध्यक्षों ने शिकायत की है. पहली शिकायत में आवेदिका हेमकल्याणी साहू ने बताया कि वह प्रगति स्व सहायता समूह की अध्यक्ष हैं. आरोपी ने सरस्वती, मां बगदई, लक्ष्मी, एकता, सखी, धन लक्ष्मी, दुर्गा, गरिमा और प्रज्ञा महिला स्व सहायता समूह से 6.19 लाख रुपए का गबन कर लिया. इसी तरह दूसरी शिकायत आरोपी के खिलाफ नव जागृति समूह की अध्यक्ष दिव्या साहू ने की है. उसने बताया कि आरोपी ने नव जागृति, उज्जवला, आस्था, राधे-राधे, साधना, प्रेरणा, प्रगति, नवा अंजोर, जय मां शीतला और वैभव महिला समूह से 13.87 लाख रुपए गबन किया गया है.

दोनों समूह की अध्यक्षों ने बताया कि समूह ने बिहान योजना के तहत बैंक से पैसा लोन लिया था. लोन की किश्त की राशि जमा करने की जिम्मेदारी आरोपी मनीता निषाद के पास थी. आरोपी समूह से पैसा जमा करने के लिए प्रति माह लेती थी. लेकिन उसे बैंक में जमा नहीं कर रही थी. जब बैंक ने नोटिस जारी किया तब गबन और धोखाधड़ी का पता चला. इसके बाद आरोपी को पंचायत में बुलाकर पैसा जमा करने का निर्देश दिया गया. लेकिन इसके बाद महिला 17 महीनों के लिए फरार हो गई. जब महिला आरोपी लौटी तो समूह ने पुलिस को शिकायत की.

Back to top button