छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 9वीं की छात्रा ने हॉस्टल में फांसी लगाकर दी जान, डरी-सहमी साथी छात्राएं छोड़ रहीं कमरे…

बीजापुर जिले में 9वीं की छात्रा ने हॉस्टल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना रविवार रात की बताई जा रही है. छात्रा की पहचान चिन्नाकवाली गांव की पिंकी कुरसम के रूप में हुई. सहपाठी ने बताया कि छात्रा पिंकी ने आश्रम के पंखे की रॉड में चुन्नी का फंदा बनाकर आत्महत्या की.

उसने अपने कमरे से दूर जाकर किसी और कमरे में यह आत्मघाती कदम उठाया था.

नैमेड़ के आवासीय कन्या विद्यालय पोटा केबिन की छात्रा पिंकी जब कहीं नहीं दिखी तो साथी छात्राओं ने ढूंढना शुरू किया. जब एक छात्रा की पास के ही एक कमरे में नजर गई तो पिंकी फांसी पर लटकी दिखी. वह चुन्नी फटने से फर्श पर गिर गई. इस दौरा पिंकी को जिला अस्पताल बीजापुर लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत बता दिया.

प्रशासन पर लगाया लापरवाही का आरोप

इधर, मौत की खबर मिलने के बाद परिजनों ने आश्रम पर लापरवाही का आरोप लगाया. फिर अस्पताल के सामने बैठकर प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया. वह प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घंटेभर जिला अस्पताल के सामने धरने पर बैठे रहे.

डरी-सहमी छात्राएं रूम शिफ्ट कर रहीं

आश्रम की अनुदेशक करिश्मा मंडावी ने बताया कि घटना के बाद से छात्राएं डरी-सहमी हैं. सभी छात्राओं ने नीचे हॉल में सोने की जिद की है. सभी छात्राएं अपने बिस्तरों को नीचे के कमरे में शिफ्ट कर रही हैं. सभी छात्राओं में डर का माहौल है.

एएसपी चंद्रकांत गवर्ना बीजापुर ने बताया कि मर्ग कायम कर मामले की विवेचना की जा रही है. साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी आश्रम भेजा गया है. पीएम की शार्ट रिपोर्ट देखकर जांच की दिशा आगे बढ़ाई जाएगी.

Back to top button