छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़:बंद कमरे में मिली नर्स की लाश, बेड पर पड़ा था शव…

बिलासपुर। बिलासपुर में कवर्धा की रहने वाली नर्स की लाश कमरे में मिली है। उसके नाक से खून और मुंह से झाग निकल रहा था। मकान मालिक ने पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर उसकी लाश बेड पर पड़ी मिली है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। सिविल लाइन पुलिस के अनुसार कवर्धा जिले के कुरदुर की रहने वाली प्रिया मरकाम (22) गंगा नगर में किराए के मकान में रहती थी। वो प्राइवेट अस्पताल में नर्स थी। बताया जा रहा है कि सोमवार की रात वो काम से लौटने के बाद अपने कमरे में थी। मंगलवार की सुबह काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकली।

इस बीच मकान मालिक को लगा कि वह कमरे में सो रही होगी। लेकिन, दोपहर तक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। इस पर मकान मालिक ने आसपास के लोगों को बुलाया, तब उन्होंने अनहोनी की आशंका जताई। इस पर घटना की जानकारी सिविल लाइन पुलिस के साथ ही युवती के परिजन को दी गई। खबर मिलते ही परिजन भी बिलासपुर पहुंच गए। परिजनों की मौजूदगी में पुलिस ने दरवाजा खुलवाया। तब अंदर बेड पर युवती की लाश पड़ी थी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवती के नाक से खून और मुंह से झाग निकल रहा था। ऐसे में पुलिस को शक है कि किसी जहरीले पदार्थ सेवन करने से उसकी मौत हुई होगी। फिलहाल, पुलिस पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों का पता चलने की बात कह रही है।

Back to top button